Bharat Express DD Free Dish

चंदौली में एक ही दिन दो दर्दनाक घटनाओं से सनसनी, मां-बेटे समेत तीन लोगों की मौत, पुलिस जांच में जुटी

चंदौली में शनिवार को दो अलग-अलग घटनाओं ने पूरे जिले को झकझोर दिया. एक मामले में मां और ढाई वर्षीय बेटे की मौत हुई, जबकि दूसरे मामले में एक इंटरमीडिएट छात्रा मृत पाई गई. पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है.

Chandauli, Uttar Pradesh, Crime

UP News: उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में शनिवार का दिन बेहद दुखद रहा. जिले में हुई दो अलग-अलग घटनाओं में एक महिला, उसके ढाई साल के बेटे और एक इंटरमीडिएट की छात्रा की मौत हो गई. इन घटनाओं के बाद पूरे इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है. पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है और हर पहलू से मामले की पड़ताल की जा रही है.

घर में मिले मां और मासूम बेटे के शव

पहली घटना मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के हनुमानपुर अहीरान बस्ती की है. यहां 22 वर्षीय प्रिया पटेल और उनके ढाई वर्षीय बेटे युवराज के शव घर के अंदर मिले. शुरुआती जानकारी के मुताबिक घटना के समय प्रिया के पति किसी काम से बाजार गए हुए थे. जब वह वापस लौटे और घर पहुंचे तो दोनों को मृत अवस्था में देखकर उनके होश उड़ गए. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने का काम शुरू किया.

फिलहाल पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना किन परिस्थितियों में हुई. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी.

छात्रा की मौत से परिवार में मातम

दूसरी घटना मुगलसराय के सुभाष नगर इलाके की है. यहां इंटरमीडिएट में पढ़ने वाली खुशी सिंह की मौत हो गई. परिवार मूल रूप से बिहार के लखीसराय का रहने वाला है और फिलहाल किराए के मकान में रह रहा था. बताया जा रहा है कि परिवार जल्द ही अपने नए घर में शिफ्ट होने की तैयारी कर रहा था.

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, परिवार में किसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद यह घटना सामने आई. हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले की जांच जारी है और सभी संभावित पहलुओं पर गंभीरता से पड़ताल की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष निकाला जाएगा.

ये भी पढ़ें- कांग्रेस संविधान पर हमले के लिए पहले से रही है कुख्यात, केजरीवाल हैं चुनावी नेता: डॉ दिनेश शर्मा

पुलिस हर एंगल से कर रही जांच

दोनों घटनाओं की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए. सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों में आत्महत्या, प्रताड़ना सहित अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read