Bharat Express DD Free Dish

संगम नगरी में सीएम योगी ने प्रेरणास्थल का किया लोकार्पण, सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को बांटे चेक

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज के कालीघाट पर एक करोड़ की लागत से बने ‘प्रेरणास्थल’ का उद्घाटन किया, जहां डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, अटल बिहारी वाजपेयी और अशोक सिंघल की प्रतिमाएं लगाई गई हैं. इस दौरान डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने सपा पर तीखा हमला बोला.

CM Yogi Inaugurates Prerna Sthal In Prayagraj
Edited by Vaibhav Gupta

मुख्य मंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को संगम नगरी प्रयागराज में डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के मौके पर प्रेरणास्थल का लोकार्पण किया. नगर निगम द्वारा एक करोड़ की लागत से यमुना नदी के किनारे कालीघाट पर बनाए गए प्रेरणास्थल पर तीन महान विभूतियों डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई और राम जन्मभूमि आंदोलन के अगुआ अशोक सिंघल की प्रतिमाएं स्थापित की गई है.

सीएम योगी ने प्रतिमाओं का अनावरण करते हुए तीनों महान विभूतियों को नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की. ‌उन्होंने प्रेरणा पार्क के निर्माण के लिए मेयर और जनप्रतिनिधियों का भी आभार जताया है. इस मौके पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई और स्वर्गीय अशोक सिंघल के योगदान को भी याद किया.

‘राम का मतलब राष्ट्र’: CM Yogi

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत की आत्मा सनातन धर्म में बसती है और प्रभु श्री राम भारत की आत्मा के मूल स्रोत हैं. उन्होंने आगे कहा कि राम का मतलब राष्ट्र है. भारत को उत्तर से लेकर दक्षिण तक एकता के सूत्र में बांधने वाला कोई नाम है,तो वह भगवान राम का नाम है.

इस मौके पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने एक बार फिर से महाकुंभ 2025 का जिक्र किया. उन्होंने सनातन की परंपरा और गौरव का बखान किया. इस मौके पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को भी सम्मानित किया. उन्होंने दिव्यांगजन कल्याण विभाग की ओर से जरूरतमंदों को ट्राई साइकिल का वितरण किया. ‌विभिन्न खेलों के खिलाड़ियों को उनके प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया.

इसके अलावा पीएम सूर्य धन योजना के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र सौंपा. सफाई कर्मियों को सीएम ने सफाई किट प्रदान किया. ‌ इस मौके पर सीएम योगी ने आवास योजना और पीएम स्व निधि योजना के लाभार्थियों को भी चाभी और चेक प्रदान किया. सीएम योगी के हाथों पुरस्कार और सम्मान पाकर लोग भी खासे उत्साहित नजर आए. लाभार्थियों ने सीएम योगी का अभार व्यक्त करते हुए 2027 में भी बीजेपी की सरकार बनने की बात कही है.

भविष्य में मिल सकते है और भी सौगात

कालीघाट पर कार्यक्रम बाद सीएम योगी प्रयागराज मेला प्राधिकरण के सभागार में लोक निर्माण विभाग की पुरानी योजनाओं की समीक्षा बैठक के लिए रवाना हो गए. इस मौके पर सीएम योगी ने संकेत दिए कि भविष्य में प्रयागराज को कई और बड़ी योजनाओं की सौगात मिल सकती है.

इस मौके पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने भी जनसभा को संबोधित किया. डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने प्रेरणा स्थल निर्माण को लेकर नगर निगम की पीठ थपथपाई.

उन्होंने इस मौके पर कहा कि भाजपा आज देश और दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बन गई है, बीजेपी ने कभी सोचा नहीं था कि भाजपा अपने दम पर सरकार बनाएगी. लेकिन जनता ने साथ दिया और कमल का बटन दबाया. जिसके बाद तीसरी बार देश में बीजेपी की सरकार बनी है. उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया में भारत का डंका बज रहा है और उसका श्रेय पीएम नरेंद्र मोदी को जाता है.

योगी सरकार में हुआ माफियाओं का सफाया

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि 2017 के पहले यूपी में गुंडागर्दी करने वाली समाजवादी पार्टी की सरकार थी. सपा सरकार में हमारी माता बहनों की सुरक्षा खतरे में थी. अतीक अहमद जैसे माफिया और अपराधी जिस बिल्डिंग और फ्लैट पर हाथ रख देते थे वह उनका हो जाता था. लेकिन योगी सरकार में माफिया अतीक अहमद और अशरफ समेत कई माफियाओं का सफाया हो गया है.

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि आप संकल्प लें कि 2027 में तीसरी बार यूपी में बीजेपी की सरकार बनेगी. प्रयागराज के सभी 12 विधानसभा सीटों पर कमल खिलेगा. उन्होंने कहा कि 2027 में साइकिल पंचर हो जाएगी, उसे सैफई भेजना है. उन्होंने कहा कि यूपी में सपा साफ होगी तो यूपी में बीजेपी की सरकार बनेगी. वहीं 2029 में चौथी बार केंद्र में भी एनडीए की सरकार बनेगी.

ये भी पढ़ें: राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक से दूर रहे चंपत राय और अनिल मिश्रा, इस्तीफा हुआ मंजूर; अब कृष्ण मोहन बने नए बॉस

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read