Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

ग्रेटर नोएडा में ‘सिंघम’ एक्शन: बदले की आग में मर्डर करने वाले दो कातिल एनकाउंटर में ढेर!

ग्रेटर नोएडा के वेदपुरा गांव में युवक दीपक नागर की हत्या मामले में पुलिस ने एनकाउंटर के दौरान दो आरोपियों जगत और हर्ष को गिरफ्तार किया. दोनों के पैरों में गोली लगी है. पुलिस के अनुसार हत्या पुरानी रंजिश के चलते की गई थी.

Greater Noida murder case
Edited by Sahil Singh

ग्रेटर नोएडा के थाना इकोटेक-3 क्षेत्र के वेदपुरा गांव में युवक दीपक नागर की हत्या के मामले में पुलिस ने एनकाउंटर के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया. पुलिस इस मामले में पहले ही चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है.

जानिए पूरा मामला?

डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेन्द्र कुमार सिंह के अनुसार, बुधवार रात दीपक नागर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. मामले की जांच के दौरान पुलिस ने पहले ही नवीन, अभि उर्फ अभय, आकाश और मोगली उर्फ पवन को गिरफ्तार कर लिया था.

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गुरुवार (21 मई) दोपहर सूचना मिली थी कि हत्या के मुख्य आरोपी जगत और हर्ष उर्फ राजेश अपने साथी और मुख्य आरोपी प्रीत का इंतजार कर रहे हैं. सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी. इस दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी, जिसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की.

आरोपी के पैरों में लगी गोली

पुलिस की फायरिंग में जगत और हर्ष घायल हो गए. दोनों के पैरों में गोली लगने के बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया. पुलिस ने बताया कि अन्य आरोपियों की तलाश में अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की जा रही है.

जांच में सामने आया है कि इस हत्या की वजह पुरानी रंजिश है. पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी हर्ष और प्रीत के पिता की हत्या साल 2011 में हुई थी. इस मामले में मृतक दीपक नागर के पिता को भी आरोपी बनाया गया था, हालांकि बाद में वह बरी हो गए थे. इस केस में एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है, जबकि एक को उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी. पुलिस के अनुसार, हर्ष और प्रीत इसी मामले को लेकर दीपक नागर के परिवार से बदला लेना चाहते थे.

शव के साथ सड़क पर प्रदर्शन

वहीं, दीपक नागर की हत्या के बाद गुरुवार को उसके परिजनों ने पोस्टमार्टम के बाद शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया और जाम लगा दिया. स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया. परिजनों ने मांग की कि सभी आरोपियों का एनकाउंटर किया जाए और उनके घरों पर बुलडोजर कार्रवाई की जाए.


ये भी पढ़ें: संभल में हैवानियत: 60 साल की बुजुर्ग महिला से गैंगरेप, भट्टा मालिक के बेटे पर दरिंदगी करने का आरोप; अब मिल रही है समझौते की धमकी


पुलिस अधिकारियों के अनुसार, काफी समझाने-बुझाने के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए. पुलिस ने एनकाउंटर के दौरान गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो देसी तमंचे, दो जिंदा कारतूस और दो खाली खोखे भी बरामद किए हैं. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital