Bharat Express DD Free Dish

गाजियाबाद खोड़ा में पांच मंजिला इमारत में आग, 150 लोग सुरक्षित निकाले गए

UP News: गाजियाबाद के खोड़ा इलाके में मंगलवार रात एक पांच मंजिला इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर भीषण आग लग गई. दमकल विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब 150 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला. 20 से अधिक लोग धुएं की चपेट में आए और अस्पताल में भर्ती कराए गए.

UP News: गाजियाबाद के खोड़ा इलाके में मंगलवार रात उस समय अफरा-तफरी फैल गई जब बीरबल चौकी के पास गोल्डन पैलेस के नजदीक स्थित एक रिहायशी इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर अचानक आग भड़क उठी. आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी बिल्डिंग धुएं से भर गई और लोग अंदर फंस गए.

इलेक्ट्रिकल पैनल से उठी लपटें

प्राथमिक जांच में सामने आया कि आग सीढ़ियों और इलेक्ट्रिकल पैनल के पास लगी थी. धुआं तेजी से ऊपर की मंजिलों तक पहुंच गया, जिससे लोग बाहर निकलने में असमर्थ हो गए. करीब 40 से 45 फ्लैट वाली इस इमारत में लगभग 150 लोग मौजूद थे, जो धुएं के कारण अंदर ही फंस गए.

दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई

वैशाली फायर स्टेशन को रात 11:47 बजे सूचना मिली. सीएफओ राहुल पाल ने बताया कि तुरंत सभी स्टेशनों से गाड़ियां रवाना की गईं. लगभग 10 दमकल वाहन मौके पर पहुंचे और सीढ़ियों व इलेक्ट्रिकल पैनल में लगी आग को काबू करने का प्रयास शुरू किया.

रेस्क्यू ऑपरेशन

दमकल कर्मियों ने बिना देर किए रेस्क्यू अभियान चलाया. फायर टेंडरों की सीढ़ियों और उपकरणों की मदद से लोगों को खिड़कियों और बालकनी से सुरक्षित बाहर निकाला गया. करीब 150 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया.

घायलों का इलाज

धुएं की चपेट में आने से 20 से 22 लोगों की तबीयत बिगड़ गई या वे झुलस गए. इन्हें एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में इलाज जारी है. बाकी लोगों को मौके पर प्राथमिक उपचार दिया गया.

ये भी पढ़ें-इस बाहुबली नेता ने खेसारी लाल यादव को दिया खुला ऑफर, अब यहां से लड़ेंगे चुनाव! पवन सिंह को कितना होगा नुकसान?

प्रशासन ने लिया जायजा

पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य का जायजा लिया. घंटों की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया. फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read