Bihar News: बाहुबली नेता सुनील पांडे के भाई और लोक जनशक्ति पार्टी (LJP) नेता हुलास पांडे के बेटे के जन्मदिन समारोह में भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव भी मौजूद थे. इस निजी कार्यक्रम में अचानक राजनीति का रंग चढ़ गया जब सुनील पांडे ने मंच से खेसारी लाल यादव को काराकाट से चुनाव लड़ने का प्रस्ताव दिया.
‘काराकाट से चुनाव लड़िए’
स्टेज पर मौजूद खेसारी लाल यादव को संबोधित करते हुए सुनील पांडे ने कहा, “अबकी बार काराकाट से चुनाव लड़िए, टिकट पक्का करवा देंगे. अब तू चुनाव लड़िए बबुआ काराकाट से.” उनके इस बयान पर वहां मौजूद लोगों ने जोरदार तालियां बजाईं और माहौल सियासी हो गया.
खेसारी लाल का जवाब
सुनील पांडे के इस ऑफर पर खेसारी लाल यादव ने मंच से ही प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा, “मैं चाहूं तो आपके आशीर्वाद से राज्यसभा जा सकता हूं, लेकिन मुझे नहीं चाहिए.” इस पर सुनील पांडे ने दोहराया कि यह जरूरी है.
पांडे परिवार का राजनीतिक प्रभाव
सुनील पांडे का परिवार लंबे समय से राजनीति में सक्रिय है. उनके बेटे वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी (BJP) से विधायक हैं, जबकि उनके भाई हुलास पांडे LJP से जुड़े रहे हैं. ऐसे में खेसारी लाल को दिया गया यह ऑफर राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है.
खेसारी लाल का चुनावी सफर
खेसारी लाल यादव पहले भी राजनीति में अपनी किस्मत आजमा चुके हैं. उन्होंने 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के टिकट पर छपरा सीट से चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा. इसके बाद उन्होंने राजनीति से दूरी बनाकर अपने फिल्मी करियर पर ध्यान केंद्रित किया.
ये भी पढ़ें-जब ब्राह्मणों ने पोथी छोड़ उठाई तलवार! 400 साल से खेल रहे बारूद की होली, गलियों में गूंजती हैं गोलियां
जन्मदिन समारोह में दिया गया यह ऑफर खेसारी लाल यादव के राजनीतिक भविष्य को लेकर नई चर्चाओं को जन्म दे रहा है. हालांकि उन्होंने राज्यसभा जाने से इनकार किया, लेकिन काराकाट से चुनाव लड़ने की संभावना ने सियासी हलकों में उत्सुकता बढ़ा दी है.
पवन सिंह पर क्या पड़ेगा असर?
पवन सिंह ने काराकाट लोकसभा क्षेत्र से चुनावी मैदान में उतरकर अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत की थी. भोजपुरी सिनेमा के इस लोकप्रिय गायक और अभिनेता ने राजनीति में कदम रखते हुए जनता का समर्थन हासिल करने की कोशिश की. हालांकि उनका चुनावी सफर उतना सफल नहीं रहा जितना उनका फिल्मी करियर है. ऐसे में अगर खेसारी लाल यादव भी यहां से चुनाव लड़ते हैं तो पवन सिंह के लिए जीत की राह और भी मुश्किल हो सकती है, क्योंकि दोनों ही बिहार के जाने-माने सुपरस्टार अभिनेता हैं.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
