ग्रेटर नोएडा में रफ्तार का कहर
Greater Noida Traffic Police Accident: ग्रेटर नोएडा में रफ्तार का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है और बेकाबू वाहन चालकों की लापरवाही आए दिन किसी न किसी की जान जोखिम में डाल रही है. ताजा मामला बुधवार शाम का है, जहां शारदा गोलचक्कर के पास एक तेज रफ्तार कार ने ट्रैफिक पुलिस की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. इस भयानक हादसे में ट्रैफिक पुलिसकर्मी मोहित राठी गंभीर रूप से घायल हो गए और सड़क पर खून से लथपथ हालत में गिर पड़े.
गलत दिशा से आ रही थी कार
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक एक महिला कार चालक बेहद तेज रफ्तार में गाड़ी को गलत दिशा से लेकर आ रही थी, जिसके चलते यह हादसा हुआ. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पुलिसकर्मी संभल नहीं पाए. वहां मौजूद लोगों ने बिना देर किए तुरंत उन्हें शारदा अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है. नॉलेज पार्क थाने के प्रभारी विनोद कुमार ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी महिला चालक (आकांक्षा, निवासी बड़ौत, बागपत) की गाड़ी को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है और उसे हिरासत में भी ले लिया गया है. पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.
ग्रेटर नोएडा में हादसों का खौफनाक दौर
यह कोई इकलौता मामला नहीं है, बल्कि ग्रेटर नोएडा में बेलगाम गाड़ियों का आतंक लगातार गहराता जा रहा है. पिछले कुछ हफ्तों में ऐसे कई दर्दनाक हादसे सामने आ चुके हैं:
केस 1 (5 सितंबर 2026): अपनी पत्नी के जन्मदिन का केक लेकर लौट रहे हिमांशु को एक तेज रफ्तार कार ने सड़क पार करते वक्त जोरदार टक्कर मार दी थी. टक्कर इतनी भयानक थी कि वह हवा में उछलकर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए.
केस 2 (21 सितंबर 2026): ग्रेटर नोएडा वेस्ट में चेरी काउंटी सोसाइटी के पास एक थार चालक ने लापरवाही की सारी हदें पार करते हुए स्कूटी सवार दंपती को कुचल दिया. इस दर्दनाक हादसे में नीरज कुमार सिन्हा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी निशी श्रीवास्तव गंभीर रूप से घायल हो गईं. इस मामले में बिसरख पुलिस ने आरोपी ड्राइवर आशीष पॉल को गिरफ्तार कर लिया है.
ये भी पढ़ें- नाक से ड्रग्स ली…फिर लहराई पिस्टल, कौन है ये महिला? सोशल मीडिया पर मचा बवाल
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



