Kanwar Yatra 2026: सावन के पावन महिने को शुरु होने में अभी एक हफ्ता बचा हुआ है और शिवभक्तों ने कांवड़ लेकर सड़कों पर उतरने की तैयारियां भी शुरु कर दी है. 30 जुलाई से शुरू होने वाले इस कावड़ यात्रा के लिए प्रशासन ने भी अपनी तैयारियों की रफ्तार तेज कर दी है. इस यात्रा और कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए प्रशासन ने मेरठ रेंज के 28 मुख्य कांवड़ मार्गों को हाई अलर्ट पर रखा है.
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
मेरठ रेंज के डीआईजी कलानिधि नैथानी ने तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि रेंज के तहत कुल 969 किलोमीटर लंबी सड़कों पर कांवड़ यात्रा निकलेगी. यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रमुख रास्तों पर 148 सुरक्षा बैरियर लगाए जा रहे हैं.
इस दौरान क्षेत्र के 32 प्रसिद्ध शिव मंदिरों में जलाभिषेक होगा और 12 स्थानों पर भव्य श्रावण मेलों का आयोजन किया जाएगा. मेरठ जिले में 7 मुख्य मार्गों पर 26 बैरियर, बुलंदशहर में 10 मार्गों पर 65 बैरियर, बागपत में 6 मार्गों पर 51 बैरियर और हापुड़ में 5 मार्गों पर 6 बैरियर बनाए जा रहे हैं.
घाटों पर गोताखोर और नावें तैनात
नदी, नहरों और घाटों पर जल भरने के दौरान होने वाले हादसों को रोकने के लिए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं. पूरे रेंज के घाटों पर 157 नावें और 139 प्रशिक्षित गोताखोर तैनात रहेंगे. अकेले हापुड़ में 100 नावें और बुलंदशहर में 58 गोताखोर मुस्तैद किए गए हैं. इसके अलावा, घाटों पर डबल बैरिकेडिंग, वॉच टॉवर, लाइट व्यवस्था, कंट्रोल रूम और एनडीआरएफ-एसडीआरएफ (NDRF-SDRF) की टीमों की तैनाती रहेगी.
प्रशासन की श्रद्धालुओं से अपील
डीआईजी ने सभी पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि नाविकों और गश्ती पुलिस टीमों के पास पर्याप्त लाइफ जैकेट हों. साथ ही, पुलिस प्रशासन ने कांवड़ियों से भी अपील की है कि वे तय किए गए आधिकारिक मार्गों का ही प्रयोग करें, घाटों पर गहरे पानी में जाने से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत कंट्रोल रूम को दें.
ये भी पढ़ें: बलिया में हाईटेंशन तार टूटने से पिता-पुत्र की तड़पकर मौत, एक्सईएन का हाथ पकड़ घटनास्थल तक खींच ले गईं BJP विधायक
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


