मुजफ्फरनगर से एक ऐसी खबर आई है जिसे सुनकर किसी का भी रूह कांप जाएगा. इसे खौफनाक इश्क कहें या धोखा, लेकिन एक महिला ने अपने नए प्रेमी के साथ मिलकर उस इंसान को रास्ते से हटा दिया, जिसके साथ वह पिछले 12 सालों से रिश्ते में थी. पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर इस पूरी साजिश का पर्दाफाश करते हुए आरोपी महिला और उसके नए साथी को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है.
कैसे शुरू हुई मौत की कहानी?
मामला मुजफ्फरनगर के नई मंडी कोतवाली क्षेत्र का है. रविवार को सरवट फाटक के पास एक नाले में कंबल में लिपटा हुआ एक अज्ञात शव मिला. लाश जिस तरह से फेंकी गई थी, उसे देखकर साफ था कि ये कोई हादसा नहीं बल्कि सोची-समझी हत्या है. पुलिस ने जब जांच शुरू की तो मृतक की पहचान पुरकाजी के हरीनगर निवासी संजीव उर्फ जीवन के रूप में हुई.
संजीव के परिवार वालों ने एक अहम सुराग दिया. उन्होंने बताया कि शनिवार दोपहर संजीव यह कहकर घर से निकला था कि वह अपनी एक महिला मित्र से मिलने जा रहा है. बस यही वो धागा था जिसे पकड़कर पुलिस कातिलों तक जा पहुंची.
पुलिस की सुई जब संजीव की दोस्त सोनिया पर घूमी, तो शुरुआत में उसने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की. लेकिन जब सख्ती से पूछताछ हुई, तो सोनिया टूट गई और उसने जो सच उबला वो हैरान करने वाला था.
सोनिया और संजीव का अफेयर पिछले 12 सालों से चल रहा था. लेकिन इसी बीच सोनिया की जिंदगी में सादिक नाम के एक शख्स की एंट्री हुई, जो गोवा में सिलाई का काम करता था. सादिक और सोनिया के बीच नजदीकियां बढ़ीं, तो संजीव उनके प्यार के बीच का ‘कांटा’ बनने लगा. सादिक को संजीव का हस्तक्षेप पसंद नहीं था और यहीं से शुरू हुआ संजीव को खत्म करने का खूनी खेल.
घर बुलाकर उतारा मौत के घाट
शनिवार शाम को सोनिया ने एक सोची-समझी साजिश के तहत संजीव को अपने किराए के कमरे पर मिलने बुलाया. संजीव को अंदाजा भी नहीं था कि वह अपनी मौत के करीब जा रहा है. सादिक पहले से ही वहां कमरे में छिपा बैठा था. जैसे ही संजीव अंदर आया, दोनों ने मिलकर रस्सी से उसका गला घोंट दिया.
बेरहमी की हद तो देखिए, हत्या के बाद पहचान छिपाने के लिए उन्होंने लाश को कंबल में लपेटा और पास के ही एक नाले में फेंक दिया. उन्हें लगा था कि वो बच निकलेंगे, लेकिन कानून के हाथ उनकी गर्दन तक पहुंच ही गए.
पुलिस की मुस्तैदी और गिरफ्तारी
मुजफ्फरनगर के एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि शव मिलने के 24 घंटे के अंदर ही टीम ने बेहतरीन काम करते हुए सोनिया और सादिक को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई रस्सी भी बरामद कर ली है. अब दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 102 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है.
यह भी पढे़: रुला देगी संभल की कहानी! लाडली की विदाई सह नहीं पाया भाई, बहन पहुंची तो जुदाई से टूटे हमजा दे दी जान
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




