नोएडा पुलिस के हत्थे चढ़ा मोबाइल स्नैचिंग गिरोह (इमेज-Bharat Express)
Mobile Snatching Gang Noida: नोएडा में पुलिस ने मोबाइल स्नैचिंग करने वाले एक गैंग का खुलासा किया है. थाना सेक्टर-39 और थाना सेक्टर-20 पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने एक बाल अपचारी को भी अभिरक्षा में लिया है. आरोपियों के पास से 14 मोबाइल फोन, दो चोरी की बाइक और 5 हजार रुपये नकद बरामद हुए हैं. इसके अलावा पुलिस ने एक अवैध असलहा और चाकू भी बरामद किया है.
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ऑफिस आने-जाने के समय भीड़ का फायदा उठाते थे. इसी दौरान लोगों को निशाना बनाकर उनके मोबाइल छीन लेते थे और बाइक से फरार हो जाते थे. इसके बाद चोरी किए गए मोबाइल को बेचकर पैसा आपस में बांट लेते थे.
मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान चलाता है एक आरोपी
जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी नावेद की बुलंदशहर में मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान है. पुलिस के अनुसार आरोपी चोरी के मोबाइल वहीं ले जाकर बेचते थे. मोबाइल को खोलकर उसके अलग-अलग पार्ट्स भी बेचे जाते थे. इससे मिलने वाला पैसा आरोपी आपस में बांट लेते थे.
पुलिस को आरोपियों के पास से बरामद मोबाइल फोन और चोरी की बाइक के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बरामद मोबाइल किन लोगों से छीने गए थे और गैंग ने अब तक कितनी वारदातों को अंजाम दिया है.
आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस
नोएडा जोन में एसीपी-1 के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए कुछ आरोपियों के खिलाफ पहले से भी मुकदमे दर्ज हैं. अब पुलिस उनका आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है और गैंग से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है.
ये भी पढ़ें- हापुड़ पहुंची कौशांबी पटाखा फैक्ट्री विस्फोट की जांच, सुनार को उठाकर कौशांबी ले गई पुलिस
एडीसीपी नोएडा मनीष सिंह ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है. पुलिस अब मामले की आगे की जांच कर रही है. साथ ही गैंग से जुड़े दूसरे लोगों की तलाश भी की जा रही है.
भारत एक्सप्रेस के लिए समीर आलम की रिपोर्ट
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

