Bharat Express DD Free Dish
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital

यूपी के सरकारी स्कूलों में टीचर्स के लिए अनिवार्य हुआ यह काम, नहीं किया तो होगी कार्रवाई

उत्तर प्रदेश सरकार ने परिषदीय स्कूलों में ‘हमारे शिक्षक’ फोटो फ्रेम लगाने का आदेश दिया था, जिससे शिक्षकों की जानकारी सार्वजनिक हो सके. सरकार ने आदेश का पालन न करने वाले स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी है.

प्रतीकात्मक चित्र

UP News: उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने राज्य के परिषदीय स्कूलों में शिक्षकों का फोटो फ्रेम लगाने का आदेश दिया था, लेकिन अब तक इसका पालन नहीं हुआ है. सरकार ने सभी स्कूलों में ‘हमारे शिक्षक’ नाम से एक फोटो फ्रेम लगाने को कहा था, जिससे स्कूल में काम कर रहे स्टाफ और शिक्षकों की जानकारी आसानी से मिल सके. इसके लिए सरकार ने प्रति शिक्षक 150 रुपये की धनराशि मार्च महीने में ही जारी कर दी थी.

निर्देश का अब तक पालन नहीं

शिक्षकों को पैसे मिलने के बावजूद, कई स्कूलों में अब तक फोटो फ्रेम नहीं लगाए गए हैं. सरकार ने इसके लिए बार-बार जिलों को चिट्ठी भी भेजी, लेकिन अभी तक जिलों से इस कार्य की पूरी जानकारी नहीं मिल पाई है. स्थिति को देखते हुए अब उन स्कूलों पर कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है, जिन्होंने आदेश का पालन नहीं किया है.

फोटो फ्रेम का उद्देश्य

इस योजना का मुख्य उद्देश्य यह था कि निरीक्षण के दौरान शिक्षकों की पहचान आसानी से हो सके और स्कूल में कार्यरत शिक्षकों, शिक्षा मित्रों और अनुदेशकों के बारे में जानकारी मिल सके. इससे अभिभावक भी शिक्षकों की शैक्षिक योग्यता और उपलब्धियों के बारे में जान सकते हैं.

भेजी गई धनराशि

प्रत्येक शिक्षक, शिक्षा मित्र, और अनुदेशक के लिए 150-150 रुपये की राशि हर स्कूल को भेजी गई थी. मार्च के महीने में कुल 11.26 करोड़ रुपये जारी किए गए थे, और 20 मार्च तक सभी स्कूलों में फोटो फ्रेम लगाने का आदेश था. फ्रेम में शिक्षक का नाम, शैक्षिक योग्यता, उपलब्धि, स्कूल में नियुक्ति की तारीख, आवंटित विषय और मोबाइल नंबर जैसी जानकारी शामिल करने का निर्देश था.

कार्रवाई की चेतावनी

सभी जिलों के बेसिक शिक्षा अधिकारियों से इस काम के बारे में जानकारी मांगी गई है. धनराशि जारी होने के सात महीने बीत जाने के बावजूद अगर कोई स्कूल अब भी इस निर्देश का पालन नहीं करता, तो उन स्कूलों के प्रधानाध्यापकों को नोटिस जारी कर उनसे स्पष्टीकरण मांगा जाएगा. निर्देश का पालन न करने वाले स्कूलों पर आगे कार्रवाई भी हो सकती है.


ये भी पढ़ें- मजदूरों की कमी से श्रीराम मंदिर निर्माण में हो सकती है तीन महीने की देरी: नृपेंद्र मिश्र


-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital