Bharat Express DD Free Dish

“सिंधु नदीं पर भारत ने डैम बनाया, तो हम उसे तोड़ देंगे”, असीम मुनीर ने अमेरिका में बैठ कर भारत को दी धमकी, जानें क्या कहा?

असीम मुनीर के हवाले से एआरवाई न्यूज ने लिखा कि असीम मुनीर ने भारत की ओर से किए गए ऑपरेशन सिंदूर की कड़ी निंदा की.

Asim Munir

पाक आर्मी चीफ असीम मुनीर.

पाकिस्तानी सेना के मुखिया फील्ड मार्शल सैयद असीम मुनीर (Asim Munir) ने एक बार फिर से कश्मीर मुद्दे का राग अमेरिका में जाकर अलापा है. उन्होंने इसे अंतरराष्ट्रीय मुद्दा करार देते हुए भारत को गीदड़ भभकी दी. असीम मुनीर ने कहा कि अगर भारत सिंधु नदी पर बांध बनाएगा, तो हम उसे तोड़ देंगे.

Asim Munir ने बांध तोड़ने की दी धमकी

असीम मुनीर (Asim Munir) अमेरिका दौरे पर हैं, जहां उन्होंने पाकिस्तानी समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि अगर भारत सिंधु नदी पर बांध बनाता है, तो इस्लामाबाद हर कीमत पर अपने जल के अधिकारों की रक्षा करेगा. इस दौरान उन्होंने एक बार फिर से कश्मीर मुद्दे को दोहराते हुए उसे पाकिस्तान के गले की नस करार दिया.

असीम मुनीर ने कहा कि कश्मीर मुद्दा भारत का आतंरिक मामला नहीं है, बल्कि एक अनसुलझा अंतरराष्ट्रीय मुद्दा है. पाकिस्तानी अखबर द डॉन में छपी खबर के मुताबिक, “मुनीर ने फ्लोरिडा के टाम्पा में पाकिस्तान -अमेरिकी समुदाय के सदस्यों से कहा, “हम भारत द्वारा बांध बनाने का इंतजार करेंगे और जब वे ऐसा करेंगे तो हम उसे नष्ट कर देंगे.”

यह भी पढ़ें- “हम डूबेंगे तो आधी दुनिया को भी ले डूबेंगे…”, अमेरिका की धरती से पाक सेना प्रमुख मुनीर ने दी भारत को गीदड़भभकी

डॉन की रिपोर्ट के अनुसार, वाशिंगटन डीसी में पाकिस्तान के मानद वाणिज्यदूत अदनान असद द्वारा आयोजित रात्रिभोज में मुनीर ने उपस्थित लोगों से कहा कि सिंधु नदी भारत की पारिवारिक संपत्ति नहीं है. उन्होंने आगे कहा कि इस्लामाबाद के पास “नदी को रोकने की भारत की योजना को विफल करने के लिए संसाधनों की कोई कमी नहीं है.

Asim Munir ने राष्ट्रपति ट्रंप का किया धन्यवाद

असीम मुनीर के हवाले से एआरवाई न्यूज ने लिखा कि असीम मुनीर ने भारत की ओर से किए गए ऑपरेशन सिंदूर की कड़ी निंदा की. इस ऑपरेशन को पाकिस्तान की संप्रभुता का गंभीर उल्लंघन करार दिया. मुनीर ने भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव कम करने के लिए राष्ट्रपति ट्रंप का धन्यवाद भी किया.

बता दें कि पहलगाम हमले से पहले भारत ने पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल मुनीर की उस टिप्पणी का कड़ा खंडन किया था जिसमें उन्होंने कश्मीर को पाकिस्तान की “गले की नस” बताया था. भारत ने इस दावे को निराधार बताया था और कहा था कि पाकिस्तान का कश्मीर के साथ एकमात्र संबंध अवैध रूप से कब्जाए गए क्षेत्र को खाली करना है.

भारत ने टिप्पणी को बताया निराधार

17 अप्रैल को नई दिल्ली में एक मीडिया ब्रीफिंग में सवालों के जवाब देते हुए, भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि जम्मू- कश्मीर भारत का एक केंद्र शासित प्रदेश है और मुनीर की टिप्पणियों को निराधार बताया. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने पूछा कि किसी देश के गले में कोई भी विदेशी चीज़ कैसे अटक सकती है और दोहराया कि कश्मीर के संबंध में पाकिस्तान की भूमिका केवल उन क्षेत्रों को खाली करने तक सीमित है जिन पर उसने अवैध रूप से कब्ज़ा कर रखा है.

Also Follow Bharat Express on X

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read