Bharat Express DD Free Dish

“तीसरी दुनिया से प्रवास पर स्थायी बैन”… व्हाइट हाउस के पास गोलीबारी के बाद ट्रंप का बड़ा ऐलान

Donald Trump Immigration Ban: व्हाइट हाउस के पास गोलीबारी के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा कदम उठाया है. उन्होंने कहा है कि तीसरी दुनिया के देशों से अमेरिका में प्रवास को स्थायी रूप से रोक दिया जाएगा.

Donald Trump Immigration Ban: अमेरिका में व्हाइट हाउस के पास हुई गोलीबारी ने एक बार फिर राजनीति को गरमा दिया है. इस घटना में वेस्ट वर्जीनिया नेशनल गार्ड के दो सैनिकों पर हमला हुआ, जिसमें एक की मौत हो गई. आरोपी 29 वर्षिय अफगान नागरिक रहमानुल्लाह लकनवाल है, जिसे 2021 में अफगानिस्तान से अमेरिका लाया गया था. यह वही समय था जब तालिबान ने अफगानिस्तान पर कब्जा किया था और बाइडेन प्रशासन ने अमेरिकी सेना के साथ काम करने वाले अफगानों को अमेरिका में शरण दी थी.

राष्ट्रपति ट्रंप का बड़ा ऐलान

इस घटना के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा कदम उठाने का ऐलान किया है. उन्होंने कहा है कि अब अमेरिका में तीसरी दुनिया से आने वाले लोगों के प्रवास पर स्थायी बैन लगाया जाएगा. ट्रंप ने दावा किया कि यह कदम अमेरिकी सिस्टम को पूरी तरह से ठीक करने के लिए जरूरी है.

ट्रंप का ट्रुथ पोस्ट

ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ पर लिखा कि अमेरिका ने तकनीकी रूप से प्रगति की है लेकिन प्रवासन नीति ने देश की रहने की स्थितियों को खराब कर दिया है. उन्होंने कहा कि बाइडेन के कार्यकाल में आए लाखों अवैध प्रवासियों को वापस भेजा जाएगा. साथ ही इन सभी विदेशी नागरिकों को भी बाहर किया जाएगा जो सुरक्षा जोखिम हैं या अमेरिकी मूल्यों के साथ तालमेल नहीं बैठा पाते हैं.

ट्रंप ने यह भी कहा कि जो लोग अमेरिका के नागरिक नहीं हैं उनके लिए सभी संघीय लाभ और सब्सिडी खत्म कर दी जाएगी. उन्होंने चेतावनी दी कि जो प्रवासी देश के अंदर शांति को कमजोर करेंगे उनकी नागरिकता भी छीनी जा सकती है.

क्या पड़ेगा प्रभाव?

राष्ट्रपति ट्रंप के ट्रुथ पोस्ट के बाद दुनियाभर में हलचल तेज हो गई है. उनके ऐलान से लाखों लोग प्रभावित होंगे जो नौकरियों, शिक्षा और अपने देशों में उत्पीड़न से बचने के लिए अमेरिका जाते हैं. ट्रंप ने साफ कहा कि केवल रिवर्स माइग्रेशन ही इस स्थिति को ठीक कर सकता है.

ये भी पढ़ें-इमरान खान अडियाला जेल में बंद, परिवार ने हालात पर जताई चिंता, जानिए इस जेल का इतिहास और खतरनाक हालात

गौरतलब है कि ट्रंप पहले भी बाइडेन प्रशासन की आलोचना करते रहे हैं. उनका आरोप है कि बाइडेन की तबीयत ठीक नहीं थी और फैसले ऑटोपेन से नकली साइन करके लिए जाते थे.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read