Indian Ship Sink In Oman
Indian Ship Sink In Oman: ओमान की खाड़ी भारत के लिए लगातार चिंता का कारण बनता जा रहा है. कुछ ही दिनों पहले इसी इलाके में अमेरिकी हमले में भारतीय नाविकों की जान गई थी. अब भारतीय झंडे वाले मैकेनाइज्ड सेलिंग वेसल ‘विराट 1’ के डूबने की खबर सामने आई है. हालांकि राहत की बात यह रही कि विराट 1 पर सवार सभी 14 भारतीय क्रू मेंबर्स को सुरक्षित बचा लिया गया.
बताया जा रहा है कि विराट 1 का इंजन फेल हो गया था, जिसके चलते यह हादसे का शिकार हो गया. ओमान में भारतीय दूतावास ने इस घटना की पुष्टि की है. जिसमें उसने बताया है कि सभी भारतीयों को सुरक्षित निकाल लिया गया है.
ओमान की मदद से टल गया बड़ा हादसा
भारतीय दूतावास ने कहा,
भारतीय झंडे वाले एमएसवी विराट 1 का रेस्क्यू ऑपरेशन सफलतापूर्वक पूरा हो गया. सभी 14 क्रू मेंबर्स को बचा लिया गया और वे अभी जहाज जबल अली 9 पर सवार होकर मुंबई जा रहे हैं. क्रू मेंबर्स सुरक्षित हैं और उनकी सेहत अच्छी है.
इससे पहले दूतावास ने जानकारी दी थी कि एमएससी विराट 1 के 14 क्रू मेंबर्स में से 11 लोगों को रेस्क्यू कर एमवी जबल अली 9 पर ले जाया गया.
इंजन फेल होने से डूब गया जहाज
भारतीय दूतावास ने एक्स पर लिखा था कि समुद्र में एक करीबी तालमेल वाले और चल रहे रेस्क्यू ऑपरेशन में एमएससी विराट 1 के 14 क्रू मेंबर्स में से 11 को बचा लिया गया है और एमवी जबल अली 9 पर ले जाया गया है. बाकी मेंबर्स का रेस्क्यू ऑपरेशन जल्द ही पूरा हो जाएगा.
इससे पहले रविवार को दूतावास ने बताया कि जहाज का इंजन फेल हो गया था और क्रू को आखिरकार सुरक्षित रूप से लाइफराफ्ट पर शिफ्ट कर दिया गया. ओमानी अधिकारियों के समन्वय में आसपास के जहाजों के जरिए रेस्क्यू ऑपरेशन चला.
भारतीय जहाजों पर हो रहे हमले
हाल के दिनों में भारतीय क्रू मेंबर्स को ले जा रहे कमर्शियल जहाजों पर ओमान के तट पर अमेरिका ने हमला किया था. इन हमलों में भारतीय नाविकों की मौत हुई, जिसके बाद 48 घंटे के अंदर विदेश मंत्रालय ने अमेरिकी राजदूत को दो बार तलब किया.
भारत के विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को अमेरिका के चार्ज डी’अफेयर्स (सीडीए) जेसन मीक्स को तलब किया और ओमान की खाड़ी में भारतीय नाविकों को ले जा रहे कमर्शियल जहाजों पर अमेरिकी नौसेना के लगातार हमलों के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज कराया.
ये भी पढ़ें- PoK में बगावत से घबराया पाकिस्तान, दुनिया में हो रही फजीहत के बीच बिलावल भुट्टो ने की आंदोलन खत्म करने की अपील
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि वाशिंगटन की हरकतें मंजूर नहीं हैं और एक संवेदनशील इलाके में अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार की सुरक्षा और स्थिरता को कमजोर करती हैं.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



