भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के मद्देनज़र संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) में आज एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है. यह बैठक पाकिस्तान की अनुरोध पर निर्धारित की गई है और दोपहर को बंद कमरे में आयोजित की जाएगी.
UNSC की बैठक में क्या होगा?
सूत्रों के अनुसार, इस बैठक में हाल ही में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर भी चर्चा हो सकती है, जिसमें कई निर्दोष नागरिकों की जान गई थी. भारत इस हमले के पीछे पाकिस्तान-प्रायोजित आतंकी संगठनों की संलिप्तता को लेकर पहले ही अंतरराष्ट्रीय मंचों पर आवाज उठा चुका है.
यूनान की अध्यक्षता में UNSC ने बैठक का एजेंडा किया तय
गौरतलब है कि पाकिस्तान इस समय संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के 10 गैर-स्थायी सदस्यों में शामिल है और इसी हैसियत से उसने इस बैठक की सिफारिश की थी. यूनान (ग्रीस) की अध्यक्षता में UNSC ने बैठक का एजेंडा तय किया है. भले ही यह चर्चा बंद कमरे में होगी, लेकिन कूटनीतिक हलकों में इसे दक्षिण एशिया की स्थिरता और आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक नीति निर्धारण की दृष्टि से अहम माना जा रहा है.
एक्शन मोड में भारत
जैसे को तैसा कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान ने सभी भारतीय एयरलाइनों के लिए अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया और नई दिल्ली के साथ व्यापार निलंबित कर दिया. इसमें तीसरे देश के जरिए भारत का सामान घूमकर पहुंचने पर भी रोक लगा दी गई है. पाकिस्तान ने सिंधु जल संधि के भारत के निलंबन को भी खारिज कर दिया और कहा कि समझौते के तहत पाकिस्तान में पानी के प्रवाह को रोकने के किसी भी उपाय को “युद्ध की कार्रवाई” के रूप में देखा जाएगा. यानी उसे युद्ध ही माना जाएगा.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



