Bharat Express DD Free Dish

‘राजनीति से पहले न्यूजीलैंड ने किया था सम्मान’, मंच पर निकाला 30 साल पुराना मफलर, क्या है पीएम मोदी के तीन गिफ्ट वाला किस्सा?

पीएम मोदी ने ऑकलैंड में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए 30 साल पुराना मफलर दिखाया और भारत-न्यूजीलैंड रिश्तों को नई दिशा देने की बात कही.

न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में भारतीय समुदाय से मुलाकात के दौरान पीएम मोदी ने एक खास किस्सा साझा किया. उन्होंने मंच पर 30 साल पुराना मफलर दिखाया और बताया कि जब वह राजनीति में नहीं थे तब भी न्यूजीलैंड ने उन्हें सम्मान दिया था. उस समय उन्हें तीन उपहार मिले थे एक मफलर, एक टोपी और एक दस्ताना. पीएम मोदी ने कहा कि यह मफलर उन्होंने हमेशा संभालकर रखा है.

रिश्तों पर जोर

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और न्यूजीलैंड के संबंध बेहद खास हैं और अब यह रिश्ते नई दिशा में आगे बढ़ रहे हैं. उन्होंने बताया कि इस साझेदारी को न्यूजीलैंड के हर राजनीतिक दल का समर्थन हासिल है, जिससे यह और मजबूत बनती है.

वाका परंपरा का जिक्र

पीएम मोदी ने न्यूजीलैंड की माओरी संस्कृति की परंपरा ‘वाका’ का उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि वाका एक नाव है जो साझा सफर का प्रतीक है. भारत और न्यूजीलैंड की दोस्ती भी इसी वाका की तरह है जो नई यात्रा शुरू करने के लिए तैयार है.

भारतीय समुदाय की अहमियत

प्रधानमंत्री ने कहा कि ऑकलैंड से लेकर वेलिंगटन, क्राइस्टचर्च से क्वीन्सटाउन तक भारतीय समुदाय ने न्यूजीलैंड में अपनी पहचान बनाई है. उन्होंने न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन और लेबर पार्टी के नेताओं का आभार जताया और कहा कि दोनों पार्टियों का समर्थन भारत-न्यूजीलैंड रिश्तों की गहराई को दर्शाता है.

ये भी पढ़ें-पीएम मोदी के स्वागत में हुआ ‘हाका’ नृत्य: जानिए क्या है न्यूजीलैंड की यह वीर परंपरा, जिसने कुछ समय पहले संसद को हिला दिया था?

भारतीय नामों वाली सड़कें

पीएम मोदी ने यह भी बताया कि न्यूजीलैंड में कई जगहों पर भारतीय शहरों और इलाकों के नाम वाली सड़कें हैं. कहीं खंडाला है, कहीं बॉम्बे हिल्स, कहीं कलकत्ता स्ट्रीट और कहीं दिल्ली क्रिसेंट. उन्होंने कहा कि यह भारतीयों के योगदान और सम्मान को दिखाता है. न्यूजीलैंड के नेताओं से जब भी मुलाकात होती है, वे भारतीय समुदाय की तारीफ करते हैं और इससे भारत का सिर ऊंचा होता है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read