President Murmu Portugal Visit: भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को अपनी दो दिवसीय राजकीय यात्रा की शुरुआत पुर्तगाल से की. इस दौरान उन्हें लिस्बन के ऐतिहासिक प्राका दो इंपीरियो में पुर्तगाल के राष्ट्रपति मार्सेलो रेबेलो दे सूजा ने गार्ड ऑफ ऑनर के साथ भव्य स्वागत किया.
राष्ट्रपति मुर्मू ने सांता मारिया चर्च का दौरा किया और पुर्तगाल के राष्ट्रीय कवि लुईस वाज दे कामोएस की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की. इसके बाद उन्होंने 16वीं सदी की भव्य वास्तुकला का प्रतीक माने जाने वाले जेरोनिमोस मठ का भी भ्रमण किया.
President Droupadi Murmu was received by President Marcelo Rebelo de Sousa of Portugal at the historic ‘Praca do Imperio’ in Lisbon. She was accorded a ceremonial welcome with the Guard of Honour. pic.twitter.com/USIULkoGia
— President of India (@rashtrapatibhvn) April 7, 2025
रिश्तों को मिलेगी नई मजबूती
यह यात्रा पुर्तगाल के राष्ट्रपति के निमंत्रण पर हो रही है. राष्ट्रपति मुर्मू की यह पहली राजकीय यात्रा है और यह 27 साल बाद किसी भारतीय राष्ट्रपति की पुर्तगाल यात्रा है. इससे दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक संबंधों को और बल मिलेगा. भारत और पुर्तगाल इस वर्ष अपने राजनयिक संबंधों की पुन:स्थापना के 50 वर्ष भी मना रहे हैं.
पुर्तगाल के राष्ट्रपति कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि यह यात्रा भारत और पुर्तगाल की साझेदारी की अहमियत को दर्शाती है और द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊर्जा देगी.
राष्ट्रपति मुर्मू अपनी यात्रा के दौरान पुर्तगाल के राष्ट्रपति के अलावा वहां के प्रधानमंत्री लुईस मोंतेनेग्रो और नेशनल असेंबली के अध्यक्ष जोस पेड्रो अगुइआर-ब्रांको से भी मिलेंगी. इन बैठकों में आपसी सहयोग के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा होगी.
व्यापार और प्रवासन के क्षेत्र में सहयोग
भारत और पुर्तगाल के बीच व्यापार लगभग 1.5 अरब डॉलर का है, जो पिछले पांच वर्षों में 50% तक बढ़ा है. दोनों देशों के बीच नवीकरणीय ऊर्जा, आईटी, दवा, शिक्षा, पर्यटन और रक्षा जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ रहा है. पुर्तगाल यूरोप का पहला देश था जिसने भारत के साथ माइग्रेशन और मोबिलिटी एग्रीमेंट साइन किया था.
भारत, पुर्तगाली भाषा बोलने वाले देशों के संगठन CPLP का सहयोगी सदस्य भी है, जिससे बहुपक्षीय स्तर पर भी सहयोग मजबूत हो रहा है.
पुर्तगाल यात्रा के बाद राष्ट्रपति मुर्मू स्लोवाकिया जाएंगी. यह किसी भी भारतीय राष्ट्रपति की 29 वर्षों में पहली स्लोवाकिया यात्रा होगी. 9-10 अप्रैल तक चलने वाली इस यात्रा में वे राष्ट्रपति पीटर पेल्लेग्रिनी, प्रधानमंत्री रॉबर्ट फीको और नेशनल काउंसिल के अध्यक्ष रिचर्ड रासी से मुलाकात करेंगी.
ये भी पढ़ें- भारत दौरे पर आ रहे हैं दुबई के क्राउन प्रिंस शेख हमदान, पीएम मोदी करेंगे स्वागत
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

