Bharat Express DD Free Dish

पुतिन के आवास पर ड्रोन हमले से राष्ट्रपति ट्रंप नाराज, शांति वार्ता पर खतरा

Russia Ukraine War: रूस ने आरोप लगाया कि यूक्रेन ने राष्ट्रपति पुतिन के उत्तरी रूस स्थित आवास पर 91 ड्रोन से हमला किया. अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने पुतिन से बात की और नाराजगी जताई.

Russia Ukraine War: रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध खत्म करने की कोशिशें जारी हैं लेकिन हालात एक बार फिर बिगड़ते दिख रहे हैं. रूस ने सोमवार को आरोप लगाया कि यूक्रेन ने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के उत्तरी रूस स्थित आवास पर बड़े पैमाने पर ड्रोन हमला करने की कोशिश की. रूस का दावा है कि इस कथित हमले में 91 ड्रोन शामिल थे, जिन्हें एयर डिफेंस सिस्टम ने समय रहते गिरा दिया.

शांति वार्ता के बीच बढ़ा विवाद

यह घटना ऐसे समय में सामने आई है जब दोनों देशों के बीच शांति समझौते पर बातचीत चल रही है. रूस ने इसे गंभीर हमला बताया, जबकि यूक्रेन ने आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया. यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा कि यह रूस की ओर से “झूठ का एक और दौर” है, जिसका मकसद शांति वार्ता को कमजोर करना है.

ट्रंप भी आए बीच में

इस पूरे मामले में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी सामने आए. उन्होंने बताया कि खुद पुतिन ने उन्हें फोन कर कथित ड्रोन हमले की जानकारी दी. फ्लोरिडा में इजरायल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू से मुलाकात से पहले ट्रंप ने कहा कि पुतिन ने सुबह-सुबह उन्हें बताया कि उन पर हमला हुआ है. ट्रंप ने कहा कि वह इस बात से नाराज हैं लेकिन यह दावा गलत भी हो सकता है.

“नेता के घर पर हमला सही नहीं”

ट्रंप ने कहा, “युद्ध के दौरान हमला अलग बात है, लेकिन किसी नेता के घर पर हमला करना सही नहीं है.” उन्होंने चेतावनी दी कि अगर यह घटना सच साबित होती है, तो तनाव और बढ़ सकता है. बीते 24 घंटों में ट्रंप ने पुतिन से दो बार बात की है और एक दिन पहले जेलेंस्की से भी मुलाकात की थी.

पुतिन ने सैन्य अभियान तेज किया

इसी बीच पुतिन ने अपने सैन्य बलों को यूक्रेन के जापोरिज़िया क्षेत्र पर नियंत्रण हासिल करने का अभियान तेज करने का आदेश दिया है. क्रेमलिन ने दोहराया है कि यूक्रेन को डोनबास के इलाकों से सैनिक हटाने होंगे.

ये भी पढ़ें-पुतिन के आवास पर ड्रोन हमले का आरोप, रूस-यूक्रेन शांति वार्ता पर संकट

विशेषज्ञों का क्या कहना है?

विशेषज्ञों का मानना है कि अगर ड्रोन हमले का दावा सच साबित होता है, तो यह युद्ध में एक नया तनावपूर्ण मोड़ होगा और पहले से नाजुक शांति प्रयासों को गंभीर झटका लग सकता है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read