Bharat Express DD Free Dish

स्पेन में बड़ा रेल हादसा: दो हाई-स्पीड ट्रेनों की टक्कर, 20 की मौत

Spain Train Accident: दक्षिणी स्पेन के कोर्डोबा प्रांत में दो हाई-स्पीड ट्रेनों की आमने-सामने टक्कर से बड़ा हादसा हुआ. इस दुर्घटना में कम से कम 20 लोगों की मौत और कई यात्री घायल हुए. हादसे के बाद मैड्रिड-अंडालूसिया रेल सेवाएं रोक दी गईं.

Spain Train Accident: स्पेन के दक्षिणी हिस्से में रविवार को एक भयावह रेल दुर्घटना हुई. कोर्डोबा प्रांत के एडामुज स्टेशन के पास दो हाई-स्पीड ट्रेनों की आमने-सामने भिड़ंत में कम से कम 20 लोगों की जान चली गई, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं. यह हादसा हाल के वर्षों में स्पेन की सबसे गंभीर रेल दुर्घटनाओं में गिना जा रहा है.

रेलवे संस्था ADIF ने क्या बताया?

रेलवे संस्था ADIF ने बताया कि शाम करीब 5:40 बजे GMT पर मालागा से मैड्रिड जा रही Iryo 6189 ट्रेन अचानक पटरी से उतर गई और पास के ट्रैक पर चली गई. उसी समय सामने से मैड्रिड से हुएलवा जा रही दूसरी ट्रेन आ रही थी, जिससे दोनों की जोरदार टक्कर हो गई.

कैसे हुआ हादसा?

टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ट्रेनें पटरी से नीचे उतर गईं. कई डिब्बे एक-दूसरे के ऊपर चढ़ गए और यात्रियों को बाहर निकालने के लिए भारी बचाव उपकरणों का इस्तेमाल करना पड़ा. हादसे के तुरंत बाद राहत कार्य शुरू कर दिया गया. मौके पर एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और मेडिकल टीमें पहुंचीं और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया. हालांकि अब तक घायलों की सही संख्या सामने नहीं आई है.

घटना के बाद हाई-स्पीड रेल सेवाओं पर रोक

इस घटना के बाद मैड्रिड और अंडालूसिया के बीच हाई-स्पीड रेल सेवाओं को रोक दिया गया है. वहीं, मैड्रिड से टोलेडो, सियुदाद रियल और पुएर्तोलानो के बीच चलने वाली अन्य सेवाएं सामान्य रूप से जारी हैं. Iryo ट्रेन सेवा एक निजी हाई-स्पीड ऑपरेटर है, जिसका संचालन इटली की कंपनी करती है.

स्पेन के राजा का क्या कहना है?

स्पेन के राजा फेलिपे VI और महारानी लेटिजिया ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया. शाही महल की ओर से जारी बयान में कहा गया कि इस दुर्घटना ने पूरे देश को स्तब्ध कर दिया है.

ये भी पढ़ें-अमेरिका ने भारत को गाजा शांति बोर्ड में शामिल होने का दिया न्योता, ट्रंप का पीएम मोदी को आमत्रंण

गौरतलब है कि हाल ही में थाईलैंड में भी एक बड़ी रेल दुर्घटना हुई थी, जहां एक क्रेन गिरने से ट्रेन पटरी से उतर गई थी और कई लोगों की मौत हो गई थी. स्पेन की इस घटना ने एक बार फिर रेल सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read