Bharat Express DD Free Dish

AAP विधायक आतिशी दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष चुनी गईं, गोपाल राय की घोषणा

आतिशी को दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष चुना गया. कालकाजी सीट से विधायक आतिशी ने पार्टी के भीतर मजबूत स्थिति बनाई है और अब विपक्ष की भूमिका निभाएंगी.

Atishi

दिल्ली विधानसभा में आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक दल की रविवार को हुई बैठक में आतिशी को दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष चुना गया. यह फैसला पार्टी के मुख्यालय पर लिया गया, जहां सभी विधायकों ने आतिशी के नाम पर अपनी सहमति दी.

अब आतिशी कालकाजी सीट से विधायक होते हुए विपक्ष की प्रमुख भूमिका निभाएंगी. पिछली AAP सरकार में आतिशी ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के इस्तीफे के बाद मुख्यमंत्री पद का कार्यभार भी संभाला था. उनके कामकाज को देखते हुए पार्टी में उनका कद और मजबूत हुआ है.

आतिशी का संघर्षपूर्ण सफर

दिल्ली विधानसभा चुनाव में पार्टी के बड़े नेता जैसे अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, और सौरभ भारद्वाज को हार का समाना करना पड़ा. लेकिन आतिशी ने कालकाजी सीट पर अपनी जीत कायम रखी. इस हार के बावजूद, आतिशी ने अपनी सीट बचाकर पार्टी को सकारात्मक दिशा में दिखाया और विधानसभा में विपक्षी नेता के रूप में उनका चयन किया गया.

पार्टी के भीतर मंथन जारी

दिल्ली विधानसभा चुनाव में हार के बाद आम आदमी पार्टी के भीतर मंथन का दौर जारी है.पार्टी हार के कारणों का विश्लेषण कर रही है, और संगठन के पुनर्गठन के लिए रणनीतियों पर विचार कर रही है. AAP के दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने कहा कि पार्टी को मजबूत करने के लिए सभी विंग्स का पुनर्गठन किया जाएगा, और इसे दिल्ली में और प्रभावी बनाने के लिए एक नई रणनीति बनाई जाएगी.

महिला नेताओं की शक्ति

पार्टी के भीतर आतिशी को एक मजबूत महिला चेहरे के रूप में प्रस्तुत किया गया है, और उनके चयन को लेकर बैठक में एक प्रस्ताव रखा गया था. इस दौरान आम आदमी पार्टी ने विपक्ष की ओर से महिला चेहरे के रूप में आतिशी को सामने लाया है, जबकि भारतीय जनता पार्टी ने शालीमार बाग से विधायक रेखा गुप्ता को दिल्ली की कमान सौंपी है.


ये भी पढ़ें: आप विधायक दल की बैठक आज, नेता प्रतिपक्ष को लेकर फैसला संभव


-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read