Bharat Express DD Free Dish

सीसीटीवी तोड़ा, गार्ड को कूटा और ले उड़े डेढ़ करोड़ की सिगरेट, फरीदाबाद में बदमाशों का फिल्मी अंदाज में तांडव

Faridabad News: फरीदाबाद के बल्लभगढ़ सिही गेट स्थित गोदाम में रात को चोर दीवार फांदकर अंदर घुसे और करीब डेढ़ करोड़ रुपये की सिगरेट चोरी कर फरार हो गए. इस दौरान उन्होंने चौकीदार के साथ मारपीट की.

Faridabad News

Faridabad News: हरियाणा के फरीदाबाद में चोरों के हौसले सातवें आसमान पर हैं. फरीदाबाद के बल्लभगढ़ सिही गेट स्थित गोदाम में रात को चोर दीवार फांदकर अंदर घुसे और करीब डेढ़ करोड़ रुपये की सिगरेट चोरी कर फरार हो गए. इस दौरान उन्होंने चौकीदार के साथ मारपीट की. चोरी के इस जघन्य मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है. सीसीटीवी कैमरे की जांच कर आरोपियों की तलाश की जा रही है.

क्या है पूरा मामला?

जैतपुर दिल्ली के रहने वाले पवन नाटिया का बल्लभगढ़ के सीही गेट में सिगरेट का गोदाम है. रात के समय कुछ चोर गोदाम की चाहरदीवारी फांदकर अंदर घुस गए. चोरों को ऐसा करते गोदाम के चौकीदार सुशील ने देख लिया. जब उसने उन्हें चोरी करने से रोका तो चोरों ने पहले तो चौकीदार को बंधक बनाकर जमकर पीटा और फिर गोदाम में मौजूद कमरे में उसे बंद कर बाहर से कुंडी लगा दी. इसके बाद चोरों ने डेढ़ करोड़ रुपये से ज्यादा की सिगरेट पर हाथ साफ कर फरार हो गए.

सुबह होते ही गोदाम का दूसरा चौकीदार रिंकू अपनी ड्यूटी पर पहुंचा. जब उसने दरवाजा खटखाया तो किसी ने भी दरवाजा नहीं खोला. जिसके बाद रिंकू दीवार कूदकर अंदर पहुंचा तो नजारा देखकर दंग रह गया. उसने देखा कि सुशील कुमार को बंधक बनाकर कमरे के अंदर बंद किया गया था. रिंकू ने कमरे का दरवाजा खोलकर सुशील को बाहर निकाला और अपने गोदाम मालिक पवन नाटिया को मामले की सूचना दी.

सीसीटीवी तोड़ चौकीदार की कुटाई

जानकारी के मुताबिक पवन नाटिया का टीसीआई तंबाकू कंपनी के सिगरेट की एजेंसी है. सुशील की आंख पर गंभीर चोट आई है. उसे इलाज के लिए किसी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इस मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और रिपोर्ट दर्ज किया. पुलिस ने पूछताछ के लिए चौकीदार रिंकू को हिरासत में लिया है. चोरों ने ट्रांसफॉर्मर पर लगे सीसीटीवी कैमरे को भी तोड़ दिया है.

ये भी पढ़ें- अकोला में ‘चिल्लर’ वाला नामांकन! उम्मीदवार ने अमानत राशि में थमाए 5000 के सिक्के, कर्मचारियों के छूटे पसीने!

इस संबंध में सिटी थाना के एसएचओ शमशेर सिंह ने बताया कि चोरों ने रात में गोदाम में घुसकर चौकीदार को पीटकर कमरे में बंद कर दिया और सिगरेट की चोरी कर ले गए. चोरों ने कमरे का कुंडा काट दिया है. यहां पर सिर्फ एक ही गार्ड ड्यूटी पर था. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. मामले की तफ्तीश चल रही है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

Latest