Love Jihad Case: सुधीर कुमार/एटा: उत्तर प्रदेश के एटा जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने पूरे शहर में हड़कंप मचा दिया है. रोडवेज बस स्टैंड पर उस वक्त स्थिति तनावपूर्ण हो गई जब स्थानीय लोगों ने एक मुस्लिम युवक को एक हिंदू नाबालिग लड़की के साथ पकड़ा. हैरान करने वाली बात यह थी कि युवक ने लड़की को पहचान छिपाने के लिए बुर्का पहना रखा था. जैसे ही लोगों को इस बात की भनक लगी, उन्होंने युवक को घेर लिया और उसका वीडियो बनाकर पुलिस के हवाले कर दिया.
लड़की को गुमराह करने की साजिश
पकड़े गए युवक की पहचान आसिफ के रूप में हुई है, जो उसी गांव का रहने वाला बताया जा रहा है. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि आसिफ ने अपने हाथ में हिंदू रीतियों की तरह कलावा बांध रखा था. हिंदू संगठनों का आरोप है कि यह पहचान छिपाने और लड़की को गुमराह करने की एक सोची-समझी साजिश थी. घटना की जानकारी मिलते ही विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के दर्जनों कार्यकर्ता कोतवाली नगर पहुंच गए और जमकर विरोध प्रदर्शन किया.
छेड़खानी और अपहरण के आरोप
लड़की के पिता ने पुलिस को दी गई अपनी लिखित शिकायत में बेहद चौंकाने वाले खुलासे किए हैं. उन्होंने बताया कि उनकी बेटी, जो कि कक्षा 10 की छात्रा है और नाबालिग है, पिछले कुछ समय से घर में अलग तरीके से पूजा-अर्चना करने लगी थी. पिता का आरोप है कि आसिफ ने उसे बहला-फुसलाकर अपने जाल में फंसाया और उसे भगाकर ले जाने की कोशिश कर रहा था. परिजनों ने आरोपी पर छेड़खानी और अपहरण के प्रयास के गंभीर आरोप लगाए हैं.
हिंदू संगठनों में आक्रोश
विश्व हिंदू परिषद के जिला उपाध्यक्ष बिट्टू पचौरी ने इस घटना को ‘लव जिहाद’ का मामला बताते हुए कहा कि यह एक सोची-समझी साजिश का हिस्सा है. उन्होंने कहा, “ये लोग हाथों में कलावा बांधकर और तिलक लगाकर अपनी पहचान छिपाते हैं ताकि हिंदू लड़कियों को आसानी से निशाना बनाया जा सके. पहले प्रेम के जाल में फंसाया जाता है और फिर उनका धर्म परिवर्तन या शोषण किया जाता है. हम इस मामले में कड़ी से कड़ी सजा की मांग करते हैं.”
वहीं, स्थानीय निवासी अरविंद कुमार ने बताया कि जैसे ही उन्हें सूचना मिली कि बस स्टैंड पर एक संदिग्ध जोड़ा मौजूद है, वे मौके पर पहुंचे. उन्होंने मुख्यमंत्री के निर्देशों का हवाला देते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं को अंजाम देने वालों के खिलाफ प्रशासन को सख्त रुख अपनाना चाहिए.
पुलिस की कार्रवाई और वर्तमान स्थिति
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है. फिलहाल आरोपी आसिफ पुलिस की हिरासत में है और उससे पूछताछ की जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लड़की के परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है. क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है.
ये भी पढ़ें: बजट 2026 से यूपी को सौगात: सीएम योगी ने बताया कैसे जिला अस्पतालों का होगा कायाकल्प
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


