Urdu Conclave 2026

PAN कार्ड होल्डर्स सावधान! क्या आपके पास भी आया e-PAN डाउनलोड का मैसेज? एक क्लिक और बैंक खाता खाली

आयकर विभाग के नाम से भेजे जा रहे फर्जी e-PAN कार्ड डाउनलोड ईमेल को लेकर PIB ने अलर्ट जारी किया है. यह एक साइबर स्कैम है जिसमें लिंक पर क्लिक करते ही आपका डेटा चोरी हो सकता है.

Fact Check e-PAN Card Scam

ये इमेज एआई द्वारा बनाई गई है.

डिजिटल दुनिया में जितनी सुविधाएं बढ़ी हैं, ठगी करने वाले जालसाजों के हौसले भी उतने ही बुलंद हो गए हैं. अगर आप भी अपना ईमेल रोज चेक करते हैं, तो यह खबर आपके लिए बहुत जरूरी है. आजकल एक नया स्कैम तेजी से फैल रहा है, जिसमें आयकर विभाग (Income Tax Department) के नाम से फर्जी ईमेल भेजकर लोगों को निशाना बनाया जा रहा है. मामला इतना गंभीर है कि सरकार को खुद सामने आकर लोगों को सचेत करना पड़ा है.

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, कई लोगों को इन दिनों एक ऐसा ईमेल मिल रहा है जिसमें दावा किया जा रहा है कि उनका ‘e-PAN’ कार्ड तैयार है और उसे डाउनलोड करने के लिए एक लिंक दिया गया है. देखने में यह ईमेल बिल्कुल असली सरकारी मेल जैसा लगता है, लेकिन असल में ये एक खतरनाक जाल है.

केंद्र सरकार की एजेंसी पीआईबी (PIB) फैक्ट चेक ने इस पर बड़ा खुलासा किया है. पीआईबी ने चेतावनी दी है कि सरकार या आयकर विभाग की ओर से ऐसा कोई ईमेल नहीं भेजा जा रहा है. यह पूरी तरह से फर्जी है और इसका मकसद आपकी निजी जानकारी चुराना है.

आयकर विभाग कभी नहीं मांगता ऐसी जानकारी

असल में लोग अक्सर डर या जल्दबाजी में इन लिंक्स पर क्लिक कर देते हैं. लेकिन आपको यह गांठ बांध लेनी चाहिए कि आयकर विभाग कभी भी आपसे ईमेल या एसएमएस के जरिए आपका पर्सनल डिटेल, बैंक अकाउंट नंबर, पिन, पासवर्ड या ओटीपी (OTP) नहीं मांगता. अगर कोई खुद को अधिकारी बताकर ऐसी जानकारी मांग रहा है, तो समझ लीजिए कि वह कोई ठग है.

जालसाजों के जाल से कैसे बचें?

ठगी से बचने के लिए इन बातों का खास ख्याल रखें:

अटैचमेंट से रहें दूर: ऐसे किसी भी संदिग्ध ईमेल के साथ आई फाइल को भूलकर भी डाउनलोड न करें. इनमें ऐसे ‘मैलेशियस कोड’ या वायरस हो सकते हैं जो आपके फोन या कंप्यूटर का पूरा कंट्रोल हैकर को दे सकते हैं.

लिंक पर क्लिक न करें: ईमेल में दिखने वाले नीले रंग के लिंक बहुत लुभावने हो सकते हैं, लेकिन ये आपको एक फर्जी वेबसाइट पर ले जाते हैं जो हूबहू सरकारी वेबसाइट जैसी दिखती है.

रिप्लाई न दें: ऐसे मेल का जवाब देने की गलती न करें, वरना उन्हें कन्फर्म हो जाएगा कि आपका ईमेल एड्रेस एक्टिव है और वे आपको बार-बार परेशान करेंगे.

फर्जी ईमेल आने पर क्या करें?

अगर आपके पास ऐसा कोई मेल आता है, तो घबराने के बजाय इसकी रिपोर्ट करें. आप इस ईमेल को [email protected] पर फॉरवर्ड कर सकते हैं. इसके अलावा, इसकी एक कॉपी [email protected] पर भी भेजें ताकि साइबर सेल इस पर एक्शन ले सके. रिपोर्ट करने के बाद उस ईमेल को तुरंत डिलीट कर दें.

याद रखिए, आपकी सतर्कता ही आपकी सुरक्षा है. किसी भी सरकारी दस्तावेज को हमेशा आधिकारिक वेबसाइट (जैसे www.incometax.gov.in) पर जाकर ही डाउनलोड करें.

ये भी पढ़ें: रांची में पुल से हाथी गिरने की सनसनीखेज कहानी… वायरल वीडियो के पीछे छिपा सच आखिर क्या है?

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read