आज की तेज रफ्तार जिंदगी में फिट और हेल्दी रहना किसी चुनौती से कम नहीं है. सुबह से रात तक काम, तनाव और अनियमित दिनचर्या के बीच अक्सर लोग अपनी सेहत को पीछे छोड़ देते हैं. लेकिन अब हेल्थ और वेलनेस की दुनिया में कई नए तरीके सामने आए हैं. जैसे बायोहैकिंग, कोलेजन सप्लिमेंट्स और क्रायोथेरेपी जो शरीर और दिमाग दोनों को बेहतर बनाने में मदद कर सकते हैं.
दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में इन्हीं विषयों पर चर्चा हुई. इस चर्चा में अभिनेता और निवेशक सुनील शेट्टी, Akind Beauty की को-फाउंडर मीरा कपूर और Dr Dangs Lab के फाउंडर डॉ. नवीन डैंग ने अपने अनुभव और सुझाव साझा किए. सत्र का संचालन एंकर सोनल मेहरोत्रा कपूर ने किया.
सोनल मेहरोत्रा कपूर ने बातचीत की शुरुआत करते हुए कहा कि भारत में लोग फिटनेस और स्किन के प्रति पहले से ज्यादा जागरूक हो रहे हैं. खासकर कोलेजन सप्लिमेंट्स का बाजार तेजी से बढ़ रहा है. लेकिन दूसरी तरफ एक बड़ी समस्या यह भी है कि लोग नियमित हेल्थ चेकअप नहीं कराते. उन्होंने याद दिलाया कि भारत को आज दुनिया की डायबिटीज कैपिटल कहा जाने लगा है, ऐसे में लोगों को अपनी सेहत को लेकर और जिम्मेदार होना पड़ेगा.
64 की उम्र में भी फिट सुनील शेट्टी का फॉर्मूला
जब 64 वर्षीय सुनील शेट्टी से उनके फिटनेस राज के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने बड़ी सादगी से जवाब दिया. उन्होंने बताया कि 90 के दशक में उन्हें हेल्थ के बारे में ज्यादा समझ नहीं थी, लेकिन अब वे अपने शरीर को बेहतर समझते हैं. उन्होंने कहा कि वे आज तक किसी सप्लिमेंट पर निर्भर नहीं रहे. यहां तक कि प्रोटीन सप्लिमेंट भी नहीं लेते क्योंकि वह उन्हें सूट नहीं करता. उनकी डाइट काफी साधारण है जैसे स्टू और साउथ इंडियन राइस.
उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति के लिए एक ही फॉर्मूला काम नहीं करता. किसे कितना प्रोटीन चाहिए, कितने कार्ब्स लेने चाहिए और कितनी नींद जरूरी है यह हर किसी को खुद समझना होगा.
वे रोज योग करते हैं और अगर किसी दिन योग नहीं कर पाते तो गार्डनिंग कर लेते हैं. साथ ही वे खाने में तेल, नमक, चीनी और मील के बैलेंस का खास ध्यान रखते हैं. उनका साफ कहना था
बीमारी का इलाज कराने से बेहतर है पहले से वेलनेस पर ध्यान देना, क्योंकि वेलनेस हमेशा सस्ती पड़ती है.
शरीर की सुनना सबसे जरूरी- मीरा कपूर
मीरा कपूर ने बताया कि आजकल लोग जवान दिखने के लिए कई तरह के ट्रेंड्स अपना रहे हैं जैसे कोलेजन सप्लिमेंट्स, एलईडी मास्क और बायोहैकिंग. लेकिन सबसे जरूरी चीज अक्सर लोग भूल जाते हैं, और वह है अपने शरीर की आवाज सुनना. उनके मुताबिक अगर शरीर सही तरह से काम कर रहा है या कोई परेशानी दे रहा है, तो उसे समझना बेहद जरूरी है. मीरा ने हेल्दी स्किन और बॉडी के लिए तीन चीजों को खास तौर पर फायदेमंद बताया. पहला है रेड लाइट कोलेजन बेड, दूसरा है अभ्यंगम जिसमें हर्बल तेल को हल्का गर्म करके पूरे शरीर की मालिश की जाती है. तीसरा तरीका है क्रायोथेरेपी.
हालांकि उन्होंने जोर देकर कहा कि इन सबके साथ अच्छी और पूरी नींद लेना सबसे जरूरी है.
डॉ. नवीन डैंग ने बातचीत में कहा कि भगवान ने हमें एक बेहतरीन शरीर दिया है, लेकिन हम छोटी-छोटी चीजों का ध्यान नहीं रख पाते. सही खाना, समय पर सोना और रोज थोड़ा एक्टिव रहना यही स्वस्थ जीवन की बुनियाद है. उन्होंने कहा कि आज लोगों को सिर्फ लंबी जिंदगी नहीं, बल्कि अच्छी और स्वस्थ जिंदगी जीने पर ध्यान देना चाहिए.
डॉ. डैंग ने कुछ जरूरी मेडिकल टेस्ट कराने की सलाह भी दी. उनका कहना था कि सबसे पहले ब्लड टेस्ट कराना चाहिए, जिसमें हीमोग्लोबिन और थैलेसीमिया जीन की जांच शामिल हो. इसके अलावा एनीमिया का टेस्ट भी जरूरी है क्योंकि भारत में यह समस्या बहुत आम है.
उन्होंने एक फंक्शनल मेडिसिन टेस्ट का जिक्र किया. यह एक साधारण यूरिन टेस्ट होता है, जिससे शरीर के कई पहलुओं की जानकारी मिलती है और मानसिक या पाचन से जुड़ी समस्याओं का भी पता लगाया जा सकता है.
ये भी पढ़ें: असम को पीएम मोदी की बड़ी सौगात! कोकराझार के लिए ₹4,570 करोड़ की परियोजनाएं, 3 नई ट्रेनों से बदलेगी राज्य की तस्वीर
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



