Kerala Assembly Election: केरल में विधानसभा चुनाव का माहौल अब पूरी तरह बन चुका है. विधानसभा चुनाव की तारीखों के एलान के अगले ही दिन भारतीय जनता पार्टी ने अपनी पहली स्ट्राइक कर दी है. आज (सोमवार) को पार्टी ने अपने 47 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी, जिसमें अनुभवी चेहरों के साथ-साथ कुछ चौंकाने वाले नाम भी शामिल हैं. बीजेपी ने साफ कर दिया है कि वह इस बार केरल में सिर्फ उपस्थिति दर्ज कराने नहीं, बल्कि कड़े मुकाबले के इरादे से उतरी है.
इस लिस्ट में जो दो नाम सबसे ज्यादा चर्चा में हैं, वो के. सुरेंद्रन और राजीव चंद्रशेखर हैं. पार्टी ने सुरेंद्रन को मंजेश्वर सीट से मैदान में उतारा है, वहीं नेमोम जैसी हाई-प्रोफाइल सीट की जिम्मेदारी राजीव चंद्रशेखर को सौंपी गई है. इन नामों से स्पष्ट है कि बीजेपी राज्य की महत्वपूर्ण सीटों पर कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती. इसके अलावा, पलक्कड़ से सोभा सुरेंद्रन और त्रिशूर से पद्मजा वेणुगोपाल के नाम भी इस लिस्ट में हैं.
दिल्ली में हुई थी बड़ी बैठक
टिकटों के बंटवारे को लेकर रविवार को दिल्ली में भारी हलचल रही. केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक 12 मार्च को नितिन नबीन की अध्यक्षता में हुई थी, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और राजनाथ सिंह जैसे कद्दावर नेता मौजूद थे. काफी सोच-विचार और जमीनी फीडबैक के बाद इन 47 उम्मीदवारों के नाम फाइनल किया गया है. पार्टी ने कोशिश की है कि समाज के हर वर्ग और क्षेत्र का प्रतिनिधित्व इस लिस्ट में दिखे.
The Central Committee of the BJP has approved the following names for the ensuing elections to the Legislative Assembly of Keralam. pic.twitter.com/8ZySjrCxrw
— BJP (@BJP4India) March 16, 2026
लिस्ट में और कौन-कौन हैं शामिल?
बीजेपी की इस पहली सूची में कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों को कवर किया गया है. कन्नूर से सी. रघुनाथ और वडकारा से एडवोकेट के. दिलीप चुनाव लड़ेंगे. कोझिकोड क्षेत्र के कोझिकोड नॉर्थ से नव्या हरिदास और कोझिकोड साउथ से टी. रनीश को टिकट दिया गया है.
रक्षा क्षेत्र से राजनीति में आए मेजर रवि को ओट्टापालम से प्रत्याशी बनाया गया है, जबकि पूंजार से अनुभवी नेता पी.सी. जॉर्ज रहेंगे.
पार्टी ने दलित (SC) और जनजाति (ST) आरक्षित सीटों पर भी मजबूत पकड़ बनाने की कोशिश की है. मनंथवाडी (ST) से पी. श्याम राज और चेलक्करा (SC) से के. बालकृष्णन जैसे नाम इसी रणनीति का हिस्सा हैं.
चुनाव का पूरा शेड्यूल
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने रविवार को ही राज्य में चुनाव का बिगुल फूंका था. केरल में इस बार 9 अप्रैल को एक ही चरण में सभी सीटों पर वोट डाले जाएंगे. जबकि चुनाव परिणामों की घोषणा 4 मई को की जाएगी.
ये भी पढ़ें: चुनाव से पहले पुजारियों-मुअज्जिनों को भत्ता क्यों? खंडेलवाल ने ममता बनर्जी की मंशा पर उठाया सवाल
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
