Urdu Conclave 2026

बंगाल चुनाव में ‘नकली अंगुली’ का खौफनाक खेल! सुवेंदु अधिकारी ने फोटो दिखाकर TMC पर लगाया वोट चोरी का आरोप

बंगाल चुनाव के आखिरी दौर में सुवेंदु अधिकारी ने भवानीपुर सीट पर ‘नकली अंगुलियों’ से वोटिंग का दावा कर सनसनी फैला दी है. इस हाई-प्रोफाइल मुकाबले के बीच महुआ मोइत्रा ने भी भाजपा और चुनाव आयोग को आड़े हाथों लिया है.

West Bengal Election, Assembly Election, TMC vs BJP

West Bengal Election: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे और आखिरी चरण का रण आज चरम पर है, लेकिन वोटिंग के बीच सुवेंदु अधिकारी के एक सनसनीखेज दावे ने सूबे की सियासत में हलचल मचा दी है. नंदीग्राम से विधायक और भवानीपुर सीट पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को चुनौती दे रहे भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने सीधे तौर पर तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर चुनावों में धांधली का आरोप लगाया है.

नकली अंगुलियों से वोटिंग का दावा

सुवेंदु ने मीडिया से बातचीत के दौरान अपने मोबाइल पर एक फोटो दिखाते हुए दावा किया कि टीएमसी ने फर्जी मतदान कराने के लिए करीब 750 आर्टिफिशियल यानी नकली अंगुलियां खरीदी हैं. उनका आरोप है कि इन सिलिकॉन वाली अंगुलियों का इस्तेमाल स्याही के निशान से बचने और बार-बार वोट डालने के लिए किया जा सकता है.

सुवेंदु ने कड़े लहजे में कहा कि टीएमसी की इन हरकतों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जनता इसका करारा जवाब देगी. हालांकि, सत्तारूढ़ दल ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे भाजपा की हार का डर बताया है.

बूथ पर्चियों पर भी उठाए सवाल

सिर्फ नकली अंगुलियां ही नहीं, सुवेंदु ने चुनाव प्रक्रिया पर एक और गंभीर सवाल खड़ा किया है. उन्होंने दावा किया कि भवानीपुर में करीब 3,810 बूथ पर्चियां बिना बांटे ही अधिकारियों को वापस कर दी गईं. सुवेंदु का कहना है कि उन्होंने ऐसे मतदाताओं की एक लिस्ट तैयार कर ली है जिन्हें वोट डालने से वंचित रखा जा सकता था. मतदान केंद्र के बाहर उन्होंने लोगों से घरों से निकलने की अपील की और जिक्र किया कि कैसे एक व्यक्ति फ्रांस से सिर्फ वोट डालने के लिए कालीबाड़ी पहुंचा है.

ये भी पढ़ें- ‘हाथ में त्रिशूल-डमरू, जुबां पर हर-हर महादेव’: 14 किलोमीटर लंबे रोड शो के बाद पीएम मोदी ने की काशी विश्वनाथ की पूजा

महुआ मोइत्रा का पलटवार

दूसरी तरफ, टीएमसी की तेजतर्रार नेता महुआ मोइत्रा ने नदिया के करीमपुर में अपना वोट डाला. वे नियम का पालन करते हुए अपनी गाड़ी छोड़कर ‘टोटो’ (ई-रिक्शा) से पोलिंग बूथ पहुंचीं. महुआ ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए कहा कि करीब 27 लाख वोटरों के नाम काटे गए हैं. उन्होंने दावा किया कि जनता इस मजाक और पक्षपात का बदला वोट की चोट से ले रही है, यही वजह है कि पोलिंग बूथों पर भारी भीड़ और हाई वोटिंग परसेंटेज देखने को मिल रहा है.

बता दें कि पश्चिम बंगाल की 142 सीटों पर जारी इस वोटिंग में दोनों ही दल अपनी जीत के दावे कर रहे हैं, लेकिन सुवेंदु के ‘नकली अंगुली’ वाले दावे ने इस चुनावी जंग को और भी दिलचस्प बना दिया है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read