Bharat Express DD Free Dish

‘हाथ में त्रिशूल-डमरू, जुबां पर हर-हर महादेव’: 14 किलोमीटर लंबे रोड शो के बाद पीएम मोदी ने की काशी विश्वनाथ की पूजा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी में 14 किलोमीटर लंबा ऐतिहासिक रोड शो किया, जो बीएलडब्लू से शुरू होकर काशी विश्वनाथ धाम पर समाप्त हुआ. रोड शो के दौरान जनता ने उन पर जमकर पुष्पवर्षा की. बाबा विश्वनाथ के दर्शन के बाद पीएम मोदी हाथ में त्रिशूल और डमरू लिए नजर आए.

PM Modi Mega 14km Roadshow in Varanasi Holds Trishul and Damru at Kashi Vishwanath

PM Modi Varanasi Roadshow: धर्म और अध्यात्म की नगरी काशी एक बार फिर उस समय ‘मोदीमय’ हो गई, जब अपने दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बनारस की सड़कों पर 14 किलोमीटर लंबा भव्य रोड शो किया. ये सिर्फ एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आस्था और जनसैलाब का एक ऐसा संगम था जिसे वाराणसी के इतिहास के सबसे बड़े आयोजनों में गिना जा रहा है. रोड शो के समापन पर जब प्रधानमंत्री ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में बाबा का आशीर्वाद लिया, तो उनके हाथों में ‘त्रिशूल और डमरू’ देख भक्त निहाल हो उठे.

BLW से काशी विश्वनाथ धाम

प्रधानमंत्री का ये मेगा रोड शो बनारस लोकोमोटिव वर्क्स (बीएलडब्लू) से शुरू हुआ. जैसे ही पीएम का काफिला लहरतारा की ओर बढ़ा, सड़कों के दोनों तरफ खड़े हजारों लोगों ने ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय श्री राम’ के नारों से आसमान गुंजा दिया. 14 किलोमीटर के इस लंबे सफर में लहरतारा, कचहरी, आंबेडकर चौराहा, चौकाघाट, तेलियाबाग, लहुराबीर और मैदागिन जैसे इलाके पूरी तरह भगवा रंग में रंगे नजर आए.

पूरे रास्ते में जगह-जगह मंच बनाए गए थे, जहां से स्थानीय लोग और बीजेपी कार्यकर्ता प्रधानमंत्री पर गुलाब की पंखुड़ियों की बारिश कर रहे थे. ढोल-नगाड़ों की थाप और शंखों की गूंज के बीच पीएम मोदी भी लगातार हाथ हिलाकर और हाथ जोड़कर अपनी काशी की जनता का अभिवादन स्वीकार करते रहे.

बाबा के दरबार में पीएम का ‘साधु’ रूप

रोड शो का समापन विश्व विख्यात काशी विश्वनाथ धाम पर हुआ. मंदिर के गर्भगृह में प्रधानमंत्री ने षोडशोपचार विधि से बाबा विश्वनाथ का पूजन-अर्चन किया. पूजन के बाद जब पीएम बाहर आए, तो उनकी एक तस्वीर ने सोशल मीडिया पर सनसनी मचा दी.

प्रधानमंत्री अपने एक हाथ में त्रिशूल और दूसरे में डमरू थामे नजर आए. भगवान शिव के इन प्रतीकों को धारण किए हुए पीएम का ये अंदाज उनके ‘सांस्कृतिक राष्ट्रवाद’ और काशी के प्रति उनके अटूट प्रेम को दर्शाता है.

सुरक्षा के कड़े इंतजाम और भारी जनसैलाब

बीजेपी के मीडिया प्रभारी अरविंद मिश्रा ने बताया कि इस 14 किलोमीटर लंबे रूट पर पैर रखने तक की जगह नहीं थी. प्रधानमंत्री की एक झलक पाने के लिए लोग घंटों पहले से छतों और बालकनियों पर डटे रहे. सुरक्षा की दृष्टि से भी कड़े इंतजाम किए गए थे, लेकिन लोगों का उत्साह सुरक्षा घेरों को छोटा साबित कर रहा था. काशी के जानकारों का कहना है कि शहर ने इससे पहले इतना बड़ा और ऊर्जा से भरा रोड शो शायद ही कभी देखा हो.

ये भी पढ़ें: ‘भय और भ्रष्टाचार से मुक्ति के लिए करें वोट’: अमित शाह ने बंगाल के मतदाताओं को दिया ‘सोनार बांग्ला’ का मंत्र

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read