Urdu Conclave 2026

5 राज्य छोड़िए महाराष्ट्र में सुनेत्रा पवार की सीट पर हो गया खेल, एक ही खाते में 98 फीसदी वोट; जानिए बारामति के ताजा अपडेट

Baramati Bypoll Result: बारामती उपचुनाव में पवार परिवार की ‘आंधी’ ने विपक्ष का सूपड़ा साफ कर दिया है! विमान हादसे में अजित पवार के निधन के बाद खाली हुई इस हॉट सीट पर उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ऐसी एकतरफा बढ़त की ओर बढ़ रही हैं कि अब तक गिने गए 98% से ज्यादा वोट अकेले उनके खाते में गए हैं.

Baramati election results 2026 Sunetra Pawar leading NCP Ajit Pawar

Baramati Bypoll Result: महाराष्ट्र की राजनीति के सबसे बड़े केंद्र ‘बारामती’ (Baramati) में एक बार फिर पवार परिवार का एकछत्र राज कायम होता दिख रहा है. 4 मई की सुबह वोटों की गिनती शुरू होते ही राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) की उम्मीदवार और राज्य की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने एकतरफा बढ़त बना ली है. रुझानों ने स्पष्ट कर दिया है कि बारामती की जनता पवार परिवार की विरासत को ही आगे ले जाना चाहती है.

अकेले सुनेत्रा को 98 फीसदी वोट (baramati counting live)

मतगणना के आंकड़े बेहद हैरान करने वाले और एकतरफा हैं. पहले दौर के अंत में सुनेत्रा पवार 6,500 वोटों से आगे थीं, जो दूसरे दौर तक बढ़कर 16,543 वोटों की भारी बढ़त में तब्दील हो गई.

अब तक कुल 37068 वोटों की गिनती हो चुकी है. इसमें से सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि 36377 वोट अकेले सुनेत्रा पवार को मिले हैं, जबकि मैदान में उतरे अन्य सभी 22 उम्मीदवारों को मिलाकर कुल 691 वोट ही नसीब हुए हैं.

अजित पवार के निधन से खाली हुई थी सीट (baramati by election news)

बारामती विधानसभा क्षेत्र में करीब 3.84 लाख पंजीकृत मतदाता हैं. बता दें कि यह सीट 28 जनवरी को हुए एक दर्दनाक विमान हादसे में विधायक अजित पवार की मृत्यु के बाद खाली हुई थी. उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार इस सीट से चुनाव लड़ रही हैं. प्रमुख विपक्षी दलों के पीछे हटने और जनता की सहानुभूति के कारण सुनेत्रा पवार राज्य विधानसभा में इस विरासत को आगे बढ़ाने के लिए स्पष्ट रूप से सबसे आगे निकल गई हैं.

देश भर में जारी है काउंटिंग (breaking news Baramati)

महाराष्ट्र के राहुरी विधानसभा क्षेत्र में भी उपचुनाव के नतीजे आ रहे हैं. यहां भारतीय जनता पार्टी (BJP) के उम्मीदवार अक्षय शिवाजीराव कर्डिले फिलहाल आगे चल रहे हैं. दूसरे चरण तक उन्हें 11,071 वोट मिल चुके हैं.

ये भी पढ़ें: बंगाल चुनाव रिजल्ट: बंगाल में रचा इतिहास, रुझानों में बनी BJP की सरकार; देखें आंकड़े और पढ़ें हर अपडेट

आपको बता दें कि मौजूदा विधायकों के निधन के कारण गुजरात, कर्नाटक, महाराष्ट्र, नागालैंड और त्रिपुरा की विभिन्न विधानसभा सीटों पर 9 और 23 अप्रैल को उपचुनाव हुए थे. इसके साथ ही आज तमिलनाडु, केरल, पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में विधानसभा चुनावों के लिए भी वोटों की गिनती जारी है. दिन के अंत तक सभी सीटों पर तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read