Rachna Gurjar house theft case
Rachna Gurjar house theft case: मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के नरवर थाना क्षेत्र के अंतर्गत मोहानी ख्यावदा गांव में जानी-मानी यूट्यूबर रचना गुर्जर के घर बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है. इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है. चोर उनके घर से लाखों रुपये की नकदी, सोने-चांदी के जेवरात और कई कीमती इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स लेकर फरार हो गए.
रील्स में दिखाती थीं जूलरी और नकदी
जानकारी के अनुसार, रचना गुर्जर सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहती हैं और अपने इंस्टाग्राम व अन्य प्लेटफॉर्म्स पर अक्सर सोने की भारी-भरकम जूलरी और नकदी के साथ रील्स बनाती थीं. वह कभी अपने पति के साथ तो कभी बच्चों के साथ वीडियो साझा करती थीं, जिनमें वे कीमती गहने पहनकर या टेबल पर रखकर उन्हें दिखाती थीं. उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर इस तरह की कई रील्स पहले से मौजूद हैं.
सोशल मीडिया यूजर्स संभलकर रहने की देते थे चेतावनी
स्थानीय लोगों का कहना है कि रचना गुर्जर की लग्जरी लाइफस्टाइल और गहनों को लेकर की गई पब्लिक पोस्टिंग के कारण वह लंबे समय से चर्चा में थीं. कुछ यूजर्स ने पहले भी उन्हें सतर्क रहने की सलाह दी थी और चेतावनी दी थी कि इस तरह खुलेआम कीमती सामान दिखाने से चोरी का खतरा बढ़ सकता है, लेकिन इन सलाहों को नजरअंदाज किया गया.
View this post on Instagram
पुलिस स्थानीय लोगों और सीसीटीवी के जरिए कर रही है जांच
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. बताया जा रहा है कि चोरों ने सुनियोजित तरीके से घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया और पूरी वारदात के बाद मौके से फरार हो गए. जब परिवार को घटना की जानकारी मिली तो तुरंत पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलने पर नरवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. साथ ही फॉरेंसिक टीम भी जांच में जुटी हुई है.
यह भी पढ़ें: बिग बॉस 19 फेम नेहल की लाल जोड़े में तस्वीरें वायरल, फैंस ने पूछा- क्या हो गई शादी?
फिलहाल चोरों का कोई सुराग नहीं लग पाया है, लेकिन पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा. इस घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है और लोग सोशल मीडिया पर कीमती सामान दिखाने के जोखिम को लेकर भी चर्चा कर रहे हैं.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
