Faridabad Road Accident: फरीदाबाद से एक दिल दहला देने वाली सड़क दुर्घटना की खबर सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया है. बड़खल मेट्रो फ्लाईओवर के पास देर रात हुए इस हादसे में एक महिला और एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है.
देर रात घर लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, 24 वर्षीय विशाल एक निजी कंपनी में नौकरी करता था. गुरुवार रात करीब 11 बजे वह अपने दोस्त अभिषेक और एक महिला के साथ बाइक पर सवार होकर बल्लभगढ़ से दिल्ली की ओर अपने घर लौट रहा था. तीनों एक ही बाइक पर थे और अपने किराए के मकान, गांव जाजरू की ओर जा रहे थे.
रास्ते में जब वे बड़खल मेट्रो फ्लाईओवर के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए.
घायलों को तुरंत नजदीकी बीके अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद विशाल और साथ मौजूद महिला को मृत घोषित कर दिया. वहीं अभिषेक की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका इलाज जारी है.
ये भी पढ़ें- 6 दिन, 2 देश और G-7 की महा-बैठक…! फ्रांस और स्लोवाकिया के लिए रवाना हुए पीएम मोदी, दुनिया में गूंजेगा भारत का डंका
पुलिस जांच में जुटी, महिला की पहचान नहीं हुई
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया गया है. फिलहाल मृत महिला की पहचान नहीं हो सकी है, जिससे पुलिस की जांच और भी चुनौतीपूर्ण हो गई है.
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार ट्रक को हादसे का कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी वाहन और चालक की पहचान की जा सके. यह हादसा एक बार फिर सवाल खड़ा करता है कि आखिर कब तक तेज रफ्तार और लापरवाही की वजह से मासूम लोगों की जान जाती रहेगी.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


