Bharat Express DD Free Dish

दोस्ती में दगा! बेइज्जती का बदला लेने के लिए कार में बैठाया, फिर रॉड से वार कर सड़क किनारे फेंका

गोरखपुर में 3 महीने पुराने थप्पड़ का बदला लेने के लिए तीन दोस्तों ने अपने ही साथी प्रेम सागर यादव की बेरहमी से हत्या कर दी. पुलिस ने सीसीटीवी और सर्विलांस की मदद से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

Gorakhpur Crime News Friends Murder Prem Sagar Over 3 Month Old Slap Dispute

Gorakhpur Crime: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में 30 वर्षीय प्रेम सागर यादव की संदिग्ध मौत की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है. प्रेम सागर की जान किसी पेशेवर अपराधी ने नहीं, बल्कि उसकी पीठ पीछे साजिश रच रहे उसके अपने तीन जिगरी दोस्तों ने ही ली थी. हत्या की वजह महज तीन महीने पुरानी एक शराब पार्टी में पड़ा थप्पड़ और उससे हुई बेइज्जती का खूनी बदला बनी.

सड़क किनारे लहूलुहान मिला था युवक

यह मामला रविवार हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र की है, जब बैजलपुर ग्राम पंचायत भवन के पास सड़क किनारे प्रेम सागर गंभीर हालत में मिले. पुलिस ने उन्हें फौरन बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, लेकिन इलाज के दौरान सोमवार सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया. मृतक के पिता ज्ञानेंद्र यादव की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की. सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर जो सच सामने आया, उसने सभी को हैरान कर दिया.

ऐसे रची गई कत्ल की साजिश

पूछताछ में सामने आया कि तीन महीने पहले शराब पीने के दौरान प्रेम सागर की अपने दोस्त अजीत यादव उर्फ सिंटू और अखिलेश से कहासुनी हो गई थी, जिसमें प्रेम सागर ने सिंटू को थप्पड़ जड़ दिया था. इसी अपमान की आग में जल रहे दोस्तों ने खूनी साजिश रच डाली.

18 जुलाई की शाम अखिलेश ने प्रेम सागर को झांसे में लेकर बुलाया और जमकर शराब पिलाई. जब प्रेम सागर पूरी तरह नशे में धुत हो गया, तो अखिलेश ने अपने साथी सिंटू और सुधीर यादव को बुला लिया. तीनों उसे कार में बैठाकर सुनसान बैजलपुर-सीउरा मार्ग पर ले गए और लोहे की रॉड व डंडों से हमला कर दिया. सिर पर गंभीर चोट लगने के बाद उसे मरा समझकर सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए.

तीनों आरोपी पहुंचे जेल

पुलिस ने संतकबीरनगर निवासी अखिलेश यादव (20), अजीत यादव उर्फ सिंटू (40) और सुधीर यादव (21) को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आला-ए-कत्ल और वारदात में इस्तेमाल कार भी बरामद कर ली है. क्षेत्राधिकारी गीडा ने बताया कि तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है. साल 2022 में शादीशुदा प्रेम सागर का अपनी पत्नी से विवाद चल रहा था, और अब इस दुखद घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है.

ये भी पढ़ें: ये कैसा प्यार है? पति, बच्चे को छोड़कर प्रेमी के लिए टावर पर चढ़ी महिला, हुआ हाई वोल्टेज ड्रामा

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read