Sumit Kumar
Bihar Crime News: बिहार के सफियासराय थाना क्षेत्र में करीब तीन महीने पहले हुई दरोगा की पत्नी मधु कुमारी की संदिग्ध मौत के मामले में अब सच सामने आ गया है. जिसे शुरुआत में आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की जा रही थी, वह दरअसल एक सोची-समझी हत्या थी. फोरेंसिक साइंस लैब (FSL) की वैज्ञानिक रिपोर्ट ने साफ कर दिया है कि मधु ने खुदकुशी नहीं की थी, बल्कि उसके पति यानी निलंबित दरोगा चंदन कुमार ने ही अपनी सर्विस पिस्टल से गोली मारकर उसकी हत्या की थी.
FSL रिपोर्ट ने खोली दरोगा के झूठ की पोल
एसपी सैयद इमरान मसूद ने बुधवार को इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि घटना के बाद वैज्ञानिक जांच के लिए नमूनों को FSL भेजा गया था. जांच के दौरान दरोगा चंदन कुमार के हाथों से लिए गए स्वैब में गनशॉट अवशेष (गोली चलाने के सबूत) मिले हैं, जबकि मृतका मधु कुमारी के हाथों के स्वैब में ऐसे कोई साक्ष्य नहीं पाए गए. इससे यह साफ हो गया कि गोली मधु ने नहीं, बल्कि उसके पति चंदन ने ही चलाई थी.
आत्महत्या का रचा था ड्रामा
यह वारदात 11 अप्रैल की शाम की है. घटना के तुरंत बाद दरोगा चंदन कुमार ने पुलिस को गुमराह करने के लिए कहानी गढ़ी थी कि उसकी पत्नी ने पारिवारिक कलह में खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली. हालांकि, घटनास्थल के हालात और शुरुआती सबूतों ने पुलिस का ध्यान भटकाने नहीं दिया. पुलिस को पहले दिन से ही दरोगा के बयानों पर शक था, जिसकी अब वैज्ञानिक रूप से भी पुष्टि हो चुकी है.
ये भी पढ़ें- 141 से सीधे 197 लाख टन! मोदी सरकार की इस योजना से मछली उत्पादन में आया रिकॉर्ड उछाल, आंकड़े देखकर चौंक जाएंगे
दहेज प्रताड़ना और प्रताड़ित करने का आरोप
इस मामले में मृतका के पिता रंजीत कुमार ने पहले दिन से ही आत्महत्या के दावे को सिरे से खारिज कर दिया था. उन्होंने अपने दामाद चंदन कुमार के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई थी. परिजनों का आरोप था कि शादी के बाद से ही मधु को दहेज के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था, जिससे वह हमेशा तनाव में रहती थी.
स्पीडी ट्रायल चलाकर दिलाई जाएगी सजा
मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी दरोगा चंदन कुमार को घटना के तुरंत बाद ही निलंबित कर दिया गया था और वह फिलहाल न्यायिक हिरासत में जेल में बंद है. एसपी ने स्पष्ट किया है कि पुलिस अब इस मामले में हत्या और दहेज हत्या जैसी गंभीर धाराओं के तहत जल्द ही कोर्ट में चार्जशीट दाखिल करेगी. आरोपी को सख्त से सख्त सजा दिलाने के लिए केस का स्पीडी ट्रायल कराया जाएगा.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
