NEET पेपर लीक और जंतर-मंतर पर जारी छात्र आंदोलन के बीच शुक्रवार को आयोजित केंद्रीय कैबिनेट बैठक में दो बड़े फैसले और चर्चाएं सामने आई हैं. एक तरफ जहां सरकार ने पेपर लीक के दोषियों को सख्त सजा देने वाले संशोधन विधेयक के मसौदे को मंजूरी दी, वहीं दूसरी तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मंत्रियों को युवाओं से जुड़ने के लिए इंस्टाग्राम पर एक्टिव रहने और रील्स बनाने की नसीहत दे डाली.
नीट पेपर लीक को लेकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन अभी भी जारी है और इसी बीच केंद्रिय कैबिनेट ने एक बैठक में बड़ा फैसला लिया है. इसमें देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सभी मंत्रियों को युवाओं से जुड़ने के लिए कहा है.
कितने मंत्री इंस्टाग्राम पर हैं?
सूत्रों के अनुसार, यह बैठक शुक्रवार को हुई, जिसके दौरान प्रधानमंत्री ने मंत्रियों से अचानक पूछ लिया कि उनमें से कितने लोग इंस्टाग्राम पर सक्रिय हैं? उन्होंने जोर देकर कहा कि देश का युवा आज इंस्टाग्राम पर समय बिता रहा है और उनसे जुड़ाव बनाए रखने के लिए सभी मंत्रियों को इस प्लेटफॉर्म पर एक्टिव रहना चाहिए तथा नियमित रूप से रील्स पोस्ट करनी चाहिए.
दरअसल, जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन में रील्स और सोशल मीडिया का बड़ा योगदान रहा है, जहां से खबरें युवाओं तक तेजी से पहुंच रही हैं. इसी को देखते हुए पीएम ने डिजिटल मौजूदगी बढ़ाने के निर्देश दिए.
मामले पर कड़े कानून को मंजूरी
कैबिनेट बैठक में पेपर लीक रोकने और दोषियों पर शिकंजा कसने के लिए नए संशोधन विधेयक के ड्राफ्ट को हरी झंडी दे दी गई. इससे पहले गुरुवार देर रात जारी वीडियो संदेश में भी पीएम मोदी ने साफ किया था कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा.
बता दें कि नए कानून में फास्ट ट्रैक अदालतों के गठन, भारी-भरकम जुर्माने और सख्त सजा का प्रावधान है. साथ ही सरकार ने संसद के इसी मानसून सत्र में इसे पास कराने की तैयारी कर रही है.
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे से इनकार
वहीं, नीट मामले में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेतृत्व में हो रहे प्रदर्शन और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर सरकार ने रुख साफ कर दिया है. सरकारी सूत्रों का कहना है कि शिक्षा मंत्री इस्तीफा नहीं देंगे, क्योंकि जिम्मेदारी से भागने के बजाय सरकार जनता के प्रति अपनी जवाबदेही पूरी करेगी.
ये भी पढ़ें: सोशल मीडिया की सनक या हैवानियत? मासूम सांप के साथ सिरफिरे युवक की दरिंदगी का VIDEO वायरल
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


