मेरठ में पूर्व मंत्री और मीट कारोबारी याकूब कुरैशी का बेटा फिरोज उर्फ भूरा हुआ गिरफ्तार (इमेज-Bharat Express)
Meerut Crime News: मेरठ में पूर्व मंत्री और मीट कारोबारी याकूब कुरैशी के बेटे फिरोज उर्फ भूरा की दबंगई का CCTV फुटेज सामने आया है. आरोप है कि फिरोज अपने दो साथियों के साथ तमंचा लेकर पड़ोसी के घर पहुंचा और दरवाजा तोड़ने की कोशिश की. इस दौरान उसने घर के बाहर खड़े होकर गाली-गलौज और धमकी भी दी. घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी फिरोज उर्फ भूरा को गिरफ्तार कर लिया.
घटना का CCTV फुटेज अब सामने आया है. वीडियो में फिरोज उर्फ भूरा और उसके दो साथी एक संकरी गली से होते हुए एक घर की तरफ जाते दिखाई दे रहे हैं. पीड़ित परिवार का आरोप है कि तीनों घर के बाहर पहुंचे और वहां गाली-गलौज करने लगे. इसके बाद उन्होंने धमकी दी और घर का दरवाजा तोड़ने की कोशिश की.

डर से महिला की बिगड़ी तबीयत
इस दौरान घर के अंदर मौजूद एक महिला की तबीयत अचानक बिगड़ गई. परिवार के लोगों ने महिला को आनन-फानन में निजी अस्पताल में भर्ती कराया. घटना के बाद परिवार में डर का माहौल बन गया. पीड़ितों ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
हालांकि, पड़ोसी के घर पहुंचने और विवाद की शुरुआत की असली वजह अभी साफ नहीं हुई है. पुलिस CCTV फुटेज और पीड़ित की शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है.
कुरैशी परिवार ने दर्ज कराया मुकदमा
सराय बहलीम निवासी हाजी सिराज ने कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दी थी. शिकायत में उन्होंने पूर्व मंत्री याकूब कुरैशी के बेटे फिरोज उर्फ भूरा पर घर में घुसने, जान से मारने की धमकी देने और मारपीट करने के आरोप लगाए हैं.
ये भी पढ़ें- पैकेट खोलते ही उड़े होश! ऑनलाइन शॉपिंग में युवक के साथ अजीबोगरीब ठगी, डिवाइस की जगह पैकेट में मिला ये चीज
DSP कोतवाली संग्राम सिंह ने बताया कि शिकायत मिलते ही पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दो पुलिस टीमों को लगाया गया था. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए फिरोज उर्फ भूरा को गिरफ्तार कर लिया. अब पुलिस मामले से जुड़े दूसरे लोगों और CCTV फुटेज की भी जांच कर रही है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
