प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े एक नए मामले में कर्नाटक के लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री सतीश जारकीहोली और उनकी बेटी एवं चिक्कोडी लोकसभा सीट से कांग्रेस सांसद प्रियंका जारकीहोली के सरकारी आवास सहित कुल 18 ठिकानों पर व्यापक छापेमारी की है. सतीश जारकीहोली को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बेहद करीबी नेताओं में गिना जाता है.
डॉलर्स कॉलोनी स्थित आवास पर रेड
प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारियों के अनुसार, यह छापेमारी करीब 18 अलग-अलग परिसरों पर एक साथ चल रही है. इनमें मंत्री सतीश जारकीहोली का बेंगलुरु के पॉश इलाके डॉलर्स कॉलोनी स्थित आधिकारिक परिसर भी शामिल है.
छापेमारी के दौरान कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता बनाए रखने के लिए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवानों को भी तैनात किया गया था. जांच एजेंसी के मुताबिक, इस दौरान वित्तीय लेन-देन, अचल संपत्ति के कागजात और अन्य संदिग्ध दस्तावेजों की बारीकी से जांच की जा रही है. तलाशी अभियान के दौरान ईडी को क्या-क्या अहम दस्तावेज या अन्य सामग्रियां बरामद हुई हैं, इसकी विस्तृत आधिकारिक जानकारी जांच एजेंसी द्वारा बाद में साझा की जाएगी.
आबकारी अधिकारी से जुड़े मामले से है अलग
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह छापेमारी एक नए मामले के तहत की जा रही है. इसका मंत्री सतीश जारकीहोली के बहनोई और आबकारी विभाग के अधिकारी वाई.डी. मंजूनाथ से जुड़े पुराने मामले से कोई सीधा संबंध नहीं है. मंजूनाथ मंत्री सतीश जारकीहोली की छोटी बहन महादेवी के पति हैं और मूल रूप से बल्लारी के हरपनहल्ली के रहने वाले हैं. वह वर्तमान में बेलगावी डिवीजन में आबकारी (Excise) विभाग में एडिशनल कमिश्नर के पद पर तैनात हैं.
उल्लेखनीय है कि गत 24 जून को भी ईडी ने वाई. मंजूनाथ के बेलगावी स्थित आवास के अलावा उनके करीबी सहयोगियों और रिश्तेदारों के ठिकानों पर छापेमारी की थी. वह कार्रवाई विदेश में गैर-कानूनी तरीके से पैसे भेजने (Hawala/Foreign Remittance) से जुड़े एक मामले के तहत की गई थी, जिसमें बेंगलुरु, मैसूर और अर्सिकेरे में भी तलाशी ली गई थी.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

