Urdu Conclave 2026

शिक्षक भर्ती का इंतजार खत्म! यूपी में 15 हजार पदों पर निकली वैकेंसी, जानें आवेदन और परीक्षा की तारीख

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) ने 15 हजार से ज्यादा शिक्षक पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी किया है. इसमें 12,405 सहायक अध्यापकों और 2,607 PGT पद शामिल हैं. लिखित परीक्षाएं दिसंबर 2026 में प्रस्तावित हैं.

UP Teacher Recruitment

यूपी में 15 हजार से ज्यादा शिक्षक पदों पर भर्ती होगी

UP Teacher Vacancy 2026: उत्तर प्रदेश में शिक्षक भर्ती का इंतजार कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है. उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) ने शिक्षकों के हजारों पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी कर दिया है. खास बात यह है कि इन भर्तियों के लिए लिखित परीक्षा दिसंबर 2026 में आयोजित की जाएगी. ऐसे में माना जा रहा है कि विधानसभा चुनाव से पहले भर्ती प्रक्रिया का रिजल्ट भी जारी हो सकता है.

आयोग की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक, प्राथमिक स्तर के सहायक अध्यापकों के साथ अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में भी शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी. इसके अलावा पोस्ट ग्रेजुएट टीचर (PGT) के पदों पर भी भर्ती होगी. कुल मिलाकर 15 हजार से अधिक पद इस भर्ती प्रक्रिया के दायरे में हैं.

प्राइमरी टीचर भर्ती में 12,405 पद

प्राथमिक स्तर पर सहायक अध्यापक के कुल 12,405 पदों पर नियुक्ति होनी है. इनमें शहरी प्राथमिक विद्यालयों के 11,508 पद और अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के 897 पद शामिल हैं. 897 पदों में 473 पद बालक विद्यालयों और 424 पद बालिका विद्यालयों के लिए हैं.

भर्ती की उम्र, आवेदन की आखिरी तारीख

शहरी सहायक अध्यापक पद के लिए अभ्यर्थी के पास किसी भी विषय में ग्रेजुएशन के साथ BTC या D.El.Ed की डिग्री होनी चाहिए. इसके अलावा UPTET या CTET पास होना जरूरी है. वहीं अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों के लिए भी ग्रेजुएशन, BTC/D.El.Ed और कक्षा 1 से 5 स्तर की TET परीक्षा पास होना अनिवार्य है.

इन पदों के लिए उम्र 21 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए. OTR और आवेदन की प्रक्रिया 16 सितंबर से शुरू होगी. शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख 15 अक्टूबर और आवेदन में संशोधन की आखिरी तारीख 19 अक्टूबर है. परीक्षा 3 और 5 दिसंबर को होगी.

360 अंकों की परीक्षा

सहायक अध्यापक भर्ती की लिखित परीक्षा 360 अंकों की होगी. इसमें 120 प्रश्न पूछे जाएंगे और अभ्यर्थियों को पेपर हल करने के लिए दो घंटे मिलेंगे. परीक्षा OMR शीट पर होगी और गलत उत्तर के लिए एक-तिहाई अंक काटे जाएंगे.

PGT के 2,607 पद

PGT के कुल 2,607 पदों पर भर्ती होगी. इनमें 2,329 पद बालक विद्यालयों और 278 पद बालिका विद्यालयों के लिए हैं. इस पद के लिए संबंधित विषय में पोस्ट ग्रेजुएशन और B.Ed अनिवार्य है. आयु सीमा भी 21 से 40 वर्ष रखी गई है.


ये भी पढ़ें: बिहार पुलिस महकमे में क्या पक रहा है? दो शीर्ष अधिकारियों के अचानक छुट्टी पर जाने से मचा हड़कंप


PGT भर्ती के लिए सामान्य, OBC और EWS वर्ग के अभ्यर्थियों को 1,500 रुपये, जबकि SC-ST वर्ग के अभ्यर्थियों को 750 रुपये शुल्क देना होगा. चयन प्रक्रिया में 360 अंकों की लिखित परीक्षा और 40 अंकों का इंटरव्यू होगा. लिखित परीक्षा में 120 प्रश्न पूछे जाएंगे, जिनमें 30 सामान्य ज्ञान और 90 संबंधित विषय से होंगे. यहां भी एक-तिहाई की नेगेटिव मार्किंग लागू रहेगी.

PGT के लिए आवेदन 18 सितंबर से शुरू होंगे. शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख 17 अक्टूबर और संशोधन की आखिरी तारीख 21 अक्टूबर है. परीक्षा 15 और 16 दिसंबर 2026 को प्रस्तावित है. इन भर्तियों में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है. अनुमान है कि प्राथमिक और PGT समेत इन परीक्षाओं के लिए करीब 10 से 15 लाख उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read