Lucknow Hit And Run: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पॉश इलाके गोमतीनगर विस्तार स्थित जनेश्वर मिश्र पार्क के पास से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां कार के बोनट पर एक युवती को करीब 300 मीटर तक घसीटा गया. इस पूरी घटना का खौफनाक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी शाहनवाज को हिरासत में ले लिया है और कार जब्त कर ली है.
पीड़िता अनामिका सिंह की शिकायत पर पुलिस ने शाहनवाज और उसके दोस्त दानिश के खिलाफ जानलेवा हमले सहित कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है.
चाय की दुकान से शुरू हुआ विवाद
अनामिका ने पुलिस को दी अपनी तहरीर में बताया कि वह सुबह करीब 6:30 बजे जनेश्वर मिश्र पार्क के गेट नंबर-4 के पास चाय पीने गई थी. उसी समय शाहनवाज अपने दोस्त दानिश के साथ कार से वहां पहुंचा. अनामिका जब उससे बात करने गई, तो शाहनवाज ने कहा, ‘तुम यहां क्या कर रही हो?’ इसके बाद उसने गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी.
जब अनामिका ने वहां से भाग रहे शाहनवाज की कार को रोकने की कोशिश की, तो उसने सीधे कार अनामिका की तरफ बढ़ा दी.
बोनट पर लटकी रही अनामिका
कार की टक्कर से अनामिका उछलकर बोनट पर जा गिरी और उसने खुद को बचाने के लिए वाइपर पकड़ लिया. अनामिका का आरोप है कि कार में बगल में बैठा दानिश लगातार शाहनवाज को उकसा रहा था और कह रहा था, ‘इसके ऊपर से कार चढ़ाकर भाग चलो यहां से…’
शाहनवाज ने कार रोकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी और करीब 300 मीटर तक अनामिका को बोनट पर लटकाए रखा. इसके बाद अनामिका सड़क पर गिरकर बेहोश हो गई. मौके पर मौजूद उसकी बहन, बुआ और स्थानीय लोगों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया.
महिला आयोग पहुंचीं अपर्णा यादव
घटना के बाद पीड़िता राज्य महिला आयोग पहुंची. महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने मामले का संज्ञान लेते हुए इसे केवल हिट एंड रन का मामला मानने से इनकार किया है. उन्होंने संकेत दिए कि इस घटना के तार आपसी रिश्ते और शादी के दबाव से भी जुड़े हो सकते हैं, जिसकी पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें: NEET क्वालीफाई किया, गर्लफ्रेंड के कैंसर पर खर्च किये 80 लाख… फिर ऐसे बन गया शातिर ट्रेन चोर!
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



