Urdu Conclave 2026

गोरखपुर में हैवान बना मास्टर साहब: प्लास से खींचे बच्चों के कान, पैरों पर हथौड़े से वार; स्कूल में हंगामा

गोरखपुर के सरकारी स्कूल में शिक्षक की हैवानियत सामने आई है. आरोपी मास्टर ने प्लास से बच्चों के कान खींचे और हथौड़े से पैरों पर चोट पहुंचाई. गुस्साए परिजनों ने स्कूल का घेराव किया.

Gorakhpur Teacher Uses Plier And Hammer To Punish Students Bharat Express

गोरखपुर के सरकारी स्कूल में मासूमों के साथ हैवानियत

Gorakhpur Teacher Brutality: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से एक रूह कंपा देने वाली खबर सामने आई है. सहजनवा थाना क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय भदरखी में अनुशासन सिखाने के नाम पर एक शिक्षक ने क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं. आरोप है कि शिक्षक ने मासूम बच्चों को सजा देने के लिए किसी छड़ी या डंडे का नहीं, बल्कि प्लास और हथौड़े जैसे औजारों का इस्तेमाल किया.

शिक्षक ने बच्चों के कान प्लास से खींचे और उनके पैरों पर हथौड़े से चोट पहुंचाई. घटना के सामने आने के बाद गुस्साए ग्रामीणों और अभिभावकों ने बुधवार को स्कूल पहुंचकर जमकर हंगामा किया.

घर पहुंचे तो कान-पैर पर दिखे चोट के निशान

यह खौफनाक वारदात मंगलवार की है. स्कूल की छुट्टी के बाद जब मासूम बच्चे अपने घर लौटे, तो दर्द से कराह रहे थे. उनके कान लाल पड़े थे और पैरों पर गहरे नीले निशान उभरे हुए थे.

जब परिजनों ने प्यार से पूछा, तो बच्चों ने रोते हुए मास्टर साहब की इस दरिंदगी का सच बयां कर दिया. पीड़ित अभिभावक अमरजीत ने बताया कि उनका बेटा संजय (कक्षा 4) और सत्यवान (कक्षा 5) इसी स्कूल में पढ़ते हैं. दोनों के कान और पैरों पर चोट के निशान थे. इनके अलावा कक्षा 3 के छात्र दीपक और कृष्ण को भी इसी तरह बेरहमी से पीटा गया था.

निलंबन की मांग

मंगलवार को वारदात के वक्त स्कूल बंद हो चुका था, इसलिए परिजन अपनी शिकायत दर्ज नहीं करा सके. लेकिन बुधवार सुबह कई गांवों के लोग और अभिभावक स्कूल पहुंचे और मुख्य गेट का घेराव कर प्रदर्शन करने लगे. परिजनों का साफ कहना है कि ऐसे सनकी शिक्षक को तुरंत निलंबित किया जाए और उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए.

शिक्षा विभाग ने क्या कहा?

मामला तूल पकड़ने के बाद खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) यज्ञ नारायण वर्मा ने कहा कि अभी तक इस मामले में किसी ने भी लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है. जैसे ही अभिभावकों की ओर से औपचारिक शिकायत मिलेगी, तुरंत जांच कमेटी गठित कर आरोपी शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़ें: ‘गाड़ी ऊपर चढ़ा कर भाग…’ लखनऊ के शाहनवाज ने यूवती को बोनट पर 300 मीटर तक घसीटा

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read