Chandigarh Police Head Constable Death: प्रदीप/चंडीगढ़:चंडीगढ़ के पॉश इलाके सेक्टर-22 में शुक्रवार की सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब चंडीगढ़ पुलिस के एक हेड कांस्टेबल का शव उनके ही कमरे में खून से लथपथ हालत में मिला. मृतक की पहचान नितिन के रूप में हुई है, जो पुलिस हेडक्वार्टर की अकाउंट्स ब्रांच में तैनात थे. नितिन के सिर में गोली लगी है और शुरुआती अंदेशा जताया जा रहा है कि गोली उनकी अपनी सर्विस रिवॉल्वर से चली है. हालांकि, सूत्रों का दावा है कि उनके शरीर पर तीन गोलियों के निशान मिले हैं, पर पुलिस प्रशासन ने आधिकारिक तौर पर गोलियों की संख्या की पुष्टि नहीं की है.
कमरे में मिला शव
घटना की जानकारी मिलते ही चंडीगढ़ पुलिस के आला अधिकारी, क्राइम ब्रांच और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर सबूत जुटाने शुरू कर दिए हैं. फॉरेंसिक टीम इस बात की जांच कर रही है कि यह कोई हादसा था, आत्महत्या या फिर किसी गहरी साजिश का हिस्सा. घटना के वक्त घर के अंदर हेड कांस्टेबल की पत्नी और उनका बेटा मौजूद थे, जिससे मामला और संवेदनशील हो गया है.
क्या बेटे ने चलाई गोली?
मामले की गंभीरता को देखते हुए चंडीगढ़ की एसएसपी कंवरदीप कौर खुद घटनास्थल का जायजा लेने पहुंचीं. उन्होंने मीडिया को बताया कि सुबह पुलिस को सूचना मिली थी, जिसके तुरंत बाद टीमें मौके पर भेजी गईं. हेड कांस्टेबल नितिन के सिर में गोली लगने से मौत हुई है. जब पत्रकारों ने एसएसपी से सवाल पूछा कि क्या हेड कांस्टेबल के बेटे पर ही गोली चलाने का शक है, तो उन्होंने बेहद सावधानीपूर्वक जवाब देते हुए कहा कि अभी मामले की शुरुआती तफ्तीश चल रही है और बिना जांच पूरी हुए कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी.
फॉरेंसिक रिपोर्ट से खुलेगा मौत का सच
पुलिस फिलहाल परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है. घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट के आने के बाद ही इस पूरे घटनाक्रम और मौत की असली वजह से पर्दा उठ सकेगा.
यह भी पढ़ें: CM रेखा गुप्ता के काम की संध्या बजाज ने की तारीफ, बोलीं- आखिरी आदमी तक पहुंचे योजना का लाभ
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




