दिल्ली जल बोर्ड की शानदार इंटर्नशिप
Delhi Jal Board Internship Program 2026: अगर आप कॉलेज के छात्र हैं या हाल ही में आपने अपनी पढ़ाई पूरी की है और राजधानी दिल्ली में पानी के मैनेजमेंट को करीब से समझना चाहते हैं, तो आपके लिए एक बहुत अच्छी खबर है. दिल्ली जल बोर्ड (DJB) ने साल 2026 के अपने पॉपुलर ‘यंग एक्वा लीडर्स इंटर्नशिप प्रोग्राम’ के लिए आवेदन मंगाए हैं. इस इंटर्नशिप के जरिए युवाओं को वॉटर सप्लाई, वेस्टवाटर मैनेजमेंट और सीवेज ट्रीटमेंट सिस्टम को बहुत पास से सीखने और देखने का मौका मिलेगा.
क्या है इस इंटर्नशिप की मुख्य बातें?
दिल्ली जल बोर्ड का यह प्रोग्राम कुल छह महीने का होता है. बोर्ड साल में दो बार इस इंटर्नशिप के सेशन चलाता है—पहला सेशन अक्टूबर से मार्च तक और दूसरा अप्रैल से सितंबर तक चलता है. हर साइकिल या सेशन में कुल 40 युवाओं को चुना जाता है. इस दौरान इंटर्न्स को सिर्फ कागजी जानकारी ही नहीं, बल्कि जल बोर्ड के कामकाज और वाटर मैनेजमेंट सिस्टम को प्रैक्टिकल तरीके से समझने का पूरा अवसर मिलता है.
कितना मिलेगा स्टाइपेंड?
चयनित होने वाले ग्रेजुएट और पोस्टग्रेजुएट उम्मीदवारों को हर महीने 15,000 रुपये का स्टाइपेंड दिया जाएगा. इस हिसाब से छह महीने की अवधि में कुल स्टाइपेंड 90,000 रुपये तक बनता है. हालांकि, जो छात्र अंडरग्रैजुएट (UG) के फाइनल ईयर में हैं, उन्हें इस स्टाइपेंड का लाभ नहीं मिलेगा. इसके अलावा, इंटर्नशिप पूरी होने पर सभी को सर्टिफिकेट दिया जाएगा और बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले युवाओं को ‘बेस्ट इंटर्न अवॉर्ड’ से भी सम्मानित किया जाएगा.
कौन कर सकता है आवेदन?
- मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटी, कॉलेज या किसी टेक्निकल इंस्टीट्यूट में पढ़ाई कर रहे छात्र इसके लिए पात्र हैं.
- अंडरग्रैजुएट छात्र अपने कोर्स के फाइनल ईयर में होने चाहिए.
- जिन युवाओं ने अपनी ग्रेजुएशन या मास्टर्स डिग्री पिछले दो सालों के भीतर पूरी कर ली है, वे भी इसके लिए आवेदन कर सकते हैं.
- आवेदक की न्यूनतम आयु कम से कम 18 वर्ष होनी जरूरी है.
ये भी पढ़ें- अग्निवीरों को 5 विभागों में 20% आरक्षण, मोहन यादव कैबिनेट ने लगाई मुहर
कैसे होगा चयन और अंतिम तारीख?
उम्मीदवारों का सेलेक्शन उनके एकेडमिक रिकॉर्ड, स्टेटमेंट ऑफ पर्पज (SOP) और उनकी पढ़ाई के विषय की इस इंटर्नशिप से प्रासंगिकता के आधार पर किया जाएगा. यदि आप भी इस अनुभव को पाना चाहते हैं, तो ऑनलाइन गूगल फॉर्म के जरिए आवेदन कर सकते हैं. आवेदन करने की आखिरी तारीख 15 अक्टूबर 2026 तय की गई है. इस बारे में अधिक जानकारी और फॉर्म भरने के लिए आप दिल्ली जल बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर विजिट कर सकते हैं.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




