Bharat Express DD Free Dish

मणिपुर के मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने पीएम मोदी से की मुलाकात, राज्य में शांति बहाली और विकास कार्यों पर हुई चर्चा

मणिपुर के मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की. इस दौरान राज्य में शांति बहाली, विकास और अंतर-राज्यीय परिवहन सेवाओं को लेकर चर्चा हुई.

Manipur CM Yumnam Khemchand Singh Meets PM Modi And Amit Shah Development Talks

पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर में हालात सुधारने और विकास को गति देने की कोशिशें तेज हो गई हैं. इसी कड़ी में मणिपुर के नवनियुक्त मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से एक अहम मुलाकात की. इस दौरान राज्य से जुड़े विभिन्न मुद्दों और विकास योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई.

मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपनी खुशी जाहिर करते हुए लिखा कि प्रधानमंत्री मोदी के विजनरी नेतृत्व से उन्हें एक शांतिपूर्ण, समृद्ध और ‘विकसित मणिपुर’ के सपने को साकार करने की प्रेरणा मिलती है.

केंद्रीय मंत्रियों से भी मिले सीएम

दिल्ली दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने सिर्फ प्रधानमंत्री से ही नहीं, बल्कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी तथा युवा मामलों और खेल मंत्री मनसुख मांडविया से भी मुलाकात की. इन बैठकों में राज्य की बुनियादी प्राथमिकताओं, सड़क संपर्क और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया गया.

केंद्रीय मंत्रियों ने आश्वस्त किया है कि वे जल्द ही मणिपुर का दौरा करेंगे. इससे पहले, गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री को राज्य में पूरी तरह शांति बहाल करने, विकास कार्यों को रफ्तार देने और वहां के लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए केंद्र सरकार की तरफ से हरसंभव मदद का पूरा भरोसा दिलाया है.

आवाजाही हुई आसान

मुख्यमंत्री ने गृह मंत्री को राज्य सरकार द्वारा उठाए जा रहे कदमों की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि हालात को सामान्य बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. इसी दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए इंफाल-दिमापुर-गुवाहाटी बस सेवा को फिर से शुरू कर दिया गया है.

बता दें कि मणिपुर, असम और नागालैंड को आपस में जोड़ने वाली अंतर-राज्यीय यात्री बस सेवाएं तीन साल से ज्यादा समय तक बंद रहने के बाद इसी साल 21 अगस्त को बहाल की गई थीं. इन सेवाओं के दोबारा शुरू होने से तीनों पूर्वोत्तर राज्यों के आम नागरिकों के लिए सफर करना काफी आसान हो गया है और लोगों ने राहत की सांस ली है.

यह भी पढ़ें: पीएम मोदी का चेन्नई दौरा: तमिलनाडु को 13 हजार करोड़ की परियोजना की देंगे सौगात, जानें कहां-कहां जाएंगे प्रधानमंत्री

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read