एमपी के डबरा चक्काजाम करने वाले 8 लोगों पर FIR
Dabra Liquor Shop Protest: मध्य प्रदेश के डबरा में पिछले दिनों पिछोर तिराहे पर शराब की दुकान के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करना कुछ स्थानीय लोगों को भारी पड़ गया है. पुलिस ने सड़क पर चक्काजाम कर यातायात बाधित करने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 8 नामजद और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है. इस पूरी कार्रवाई की पुष्टि एसडीओपी सौरभ कुमार ने मीडिया को दी है. जिन लोगों पर मामला दर्ज किया गया है उनमें मनोज राजोरिया, राहुल जाखोदिया, राजू केन, अंकित जाटव, काले जाटव, भोला जाटव, नरेश जाटव और दीपक पांडोलिया शामिल हैं.
क्या था पूरा विवाद और क्यों भड़के थे लोग?
यह पूरा हंगामा 14 अक्टूबर को डबरा के व्यस्त पिछोर तिराहे पर हुआ था. दरअसल, स्थानीय रहवासी लंबे समय से इस इलाके में खुली अंग्रेजी शराब की दुकान को हटाने की मांग कर रहे थे. लोगों का दर्द साफ था कि मोहल्ले के बीच शराब की दुकान होने से उनके घर उजड़ रहे हैं. महिलाओं और बच्चों का कहना था कि घर के कमाने वाले लोग मेहनत की गाढ़ी कमाई लाकर यहीं शराब में उड़ा देते हैं, जिससे परिवार चलाना मुश्किल हो गया है. इसके अलावा, मोहल्ले की महिलाओं और बच्चियों का वहां से निकलना भी दूभर हो गया था और कम उम्र के बच्चे भी इसकी चपेट में आ रहे थे.
विवाद तब और भड़क गया जब 14 अक्टूबर की सुबह करीब 8 बजे शराब की दुकान तो बंद थी, लेकिन बगल की एक खिड़की से अवैध रूप से देशी शराब के क्वार्टर बेचे जा रहे थे. स्थानीय लोगों ने जब शराब बेच रहे शख्स को रंगे हाथों पकड़ लिया, तो गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया.
ये भी पढ़ें- राजस्थान से ला रहे थे मौत का काला कारोबार! एमपी के मोहना में 50 ग्राम स्मैक के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार
सड़क पर उतर आए लोग, लगी वाहनों की लंबी कतारें
हंगामे की सूचना मिलते ही डबरा शहर थाना प्रभारी संजय शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराने की कोशिश की. लेकिन गुस्साए रहवासी महिलाओं के साथ सड़क पर उतर आए और पिछोर तिराहे पर जोरदार चक्काजाम कर दिया. इस जाम के कारण डबरा-ग्वालियर रोड, पिछोर रोड और जेल रोड पूरी तरह ब्लॉक हो गए, जिससे आने-जाने वाले राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा और सड़क पर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं.
हालाल बिगड़ते देख एसडीओपी सौरभ कुमार, देहात टीआई मिर्जा आसिफ बैग और पिछोर थाना प्रभारी शिवम सिंह राजावत भारी पुलिस बल के साथ मौके पर डट गए. बाद में ग्वालियर से आबकारी विभाग का अमला और तहसीलदार नवीन भारद्वाज भी पहुंच गए. अधिकारियों ने लोगों को काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारी इस बात पर अड़े रहे कि जब तक दुकान यहां से नहीं हटेगी, वे जाम नहीं खोलेंगे.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




