सपा विधायक के बेटे पर लूटपाट का आरोप
UP News: उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले से एक बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आ रही है. अकबरपुर से समाजवादी पार्टी के विधायक और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव राम अचल राजभर के बेटे पर दबंगई दिखाने का गंभीर आरोप लगा है. मामला बसखारी रोड स्थित एक दुकान में घुसकर मारपीट और लूटपाट का है, जिसका सीसीटीवी फुटेज भी सोशल मीडिया पर धड़ल्ले से वायरल हो रहा है. इस घटना के बाद इलाके में सियासी हलचल तेज हो गई है.
दुकान में घुसकर मारपीट और लूटपाट का आरोप
मिली जानकारी के मुताबिक बसखारी रोड पर ‘सूर्यांश ट्रेडर्स’ नाम से दुकान चलाने वाले लालचंद ने अकबरपुर कोतवाली में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई है. पीड़ित दुकानदार का आरोप है कि सपा विधायक राम अचल राजभर के बेटे संजय कुमार राजभर अपने कुछ साथियों के साथ अचानक उनकी दुकान में घुस आए. आरोप है कि विधायक के बेटे और उनके साथियों ने दुकान के अंदर जमकर दबंगई दिखाई, उनके साथ मारपीट की और किसी तरह वहां से भागकर पीड़ित ने अपनी जान बचाई.
दुकानदार का यह भी कहना है कि दबंगों ने सिर्फ मारपीट ही नहीं की, बल्कि दुकान में रखे कीमती जमीन के दस्तावेज और उनकी गाड़ी की चाबी भी जबरन छीनकर ले गए. जाते-जाते उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई, जिससे पीड़ित और उसका परिवार काफी डरा हुआ है.
CCTV फुटेज वायरल होने के बाद पुलिस एक्शन
इस पूरी घटना का एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह से दुकान के अंदर हंगामा और दबंगई चल रही है.
घटना के बाद पीड़ित लालचंद ने अकबरपुर कोतवाली पहुंचकर पुलिस को पूरी आपबीती सुनाई और अपनी तहरीर दी. पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने सपा विधायक के बेटे संजय राजभर और उनके साथियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. साथ ही पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से अपनी और अपने परिवार की जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है. पुलिस अब वायरल सीसीटीवी फुटेज और पीड़ित के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है.
ये भी पढ़ें- यूपी में सपा-कांग्रेस सीट बंटवारे का गणित, रामगोपाल यादव के फॉर्मूले से कांग्रेस को मिलेंगी कितनी सीटें?
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




