उत्तर प्रदेश की बदलती तस्वीर और औद्योगिक रफ्तार की तारीफ करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को लखनऊ में बड़ा संदेश दिया. एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि यूपी अब सेमीकंडक्टर और रक्षा उपकरणों के निर्माण का बड़ा केंद्र बन रहा है. उन्होंने कहा कि राज्य में सेमीकंडक्टर चिप बनाने की फैक्ट्री लग रही है और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान दुश्मनों की रातों की नींद हराम करने वाली ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण भी अब उत्तर प्रदेश में हो रहा है.
ईंधन संकट की आशंकाओं पर तंज
पश्चिम एशिया संकट और होर्मुज जलडमरूमध्य के तनाव के समय देश में गैस व ईंधन संकट की भविष्यवाणी करने वालों पर भी प्रधानमंत्री ने निशाना साधा. उन्होंने कहा कि उस वक्त अखबारों में पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारों और रसोई गैस की किल्लत की बातें कही जा रही थीं, लेकिन सरकार ने वैकल्पिक व्यवस्था के तहत रोजाना कम से कम एक लाख पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) कनेक्शन देने का फैसला किया.
पीएम ने दिलचस्प किस्सा साझा करते हुए बताया कि शुरुआत में यह आंकड़ा 15-20 हजार से आगे नहीं बढ़ पा रहा था, क्योंकि प्लंबरों की भारी कमी थी. हालांकि, ठोस प्रयासों से हालात संभाले गए और देश में किसी तरह की किल्लत नहीं होने दी गई.
AI से नहीं छिनेगी हुनरमंदों की नौकरी
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से नौकरियां जाने की चर्चाओं पर युवाओं को भरोसा दिलाते हुए पीएम मोदी ने कहा कि जिसके पास हुनर (स्किल) है, उसका रोजगार कोई नहीं छीन सकता. उन्होंने बताया कि साल 2027 में भारत ‘वर्ल्डस्किल्स एशिया’ प्रतियोगिता की मेजबानी करेगा, जिसका आयोजन उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में होगा.
इसके साथ ही पीएम मोदी ने आजादी के बाद 50 करोड़ लोगों के गरीबी से बाहर आने को ऐतिहासिक उपलब्धि बताया और कहा कि ‘विकसित भारत’ का रास्ता इसी सशक्तिकरण से होकर गुजरेगा. उन्होंने बेहतर सड़कों और कनेक्टिविटी के दम पर यूपी की नई पहचान ‘एक्सप्रेसवे प्रदेश’ के रूप में बनने की भी सराहना की.
यह भी पढ़ें: ‘बाहर से नहीं आएगा एक भी लीटर दूध : ईटानगर में अमित शाह ने रखा आत्मनिर्भर अरुणाचल का प्लान
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.






