Afghanistan School Blast: अफगानिस्तान में एक बड़ा हादसा हो गया है. पूर्वी कुनार प्रांत में एक मिडिल स्कूल के पास हुए धमाके में 6 छात्रों की मौत हो गई है जबकि 97 लोग घायल हो गए हैं. घायलों नजदिकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. घायलों को आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज चल रहा है.
अधिकारियों ने दिए शुरुआती आंकड़े
कुनार प्रांतीय अस्पताल के प्रमुख मावला दाद ने बताया कि मृतकों और घायलों से जुड़े आंकड़े फिलहाल शुरुआती हैं. उन्होंने कहा कि राहत और बचाव कार्य जारी है इसलिए आगे आने वाली जानकारी के आधार पर मृतकों की संख्या में बदलाव संभव है. स्थानीय प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है.
कब हुआ धमाका?
कुनार में सूचना एवं संस्कृति विभाग के निदेशक मावलावी समी-उल-हक के मुताबिक यह घटना शनिवार सुबह लगभग 10 बजे हुई. विस्फोट अंदार सेर इलाके में एक घर के भीतर हुआ, जो एक मिडिल स्कूल के बेहद करीब स्थित था. धमाके की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी और इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
डायनामाइट के भंडारण से जुड़ा है मामला
स्थानीय अधिकारियों के अनुसार जिस मकान में विस्फोट हुआ, उसका इस्तेमाल खनन कार्य से जुड़े लोगों द्वारा किया जाता था. बताया गया है कि घर में बड़ी मात्रा में डायनामाइट रखा गया था. समी-उल-हक ने कहा कि फिलहाल नुकसान और हताहतों से संबंधित विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है. घटना के समय प्रशासन के पास इससे अधिक जानकारी उपलब्ध नहीं थी.
ये भी पढ़ें-स्पेन के पास अटलांटिक महासागर में बड़ा हादसा, प्रवासी नाव से मिले 8 शव; 100 लोग थे सवार
शुरुआती जांच में लापरवाही की आशंका
पाकिस्तान की सीमा से सटे कुनार प्रांत में जांच टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और मामले की पड़ताल शुरू की. गृह मंत्रालय के प्रवक्ता मुफ्ती अब्दुल मतीन कानी ने कहा कि शुरुआती जांच में यह हादसा लापरवाही और सुरक्षा नियमों की अनदेखी का परिणाम प्रतीत होता है. हालांकि अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





