महोबा/उपेन्द्र गोस्वामी: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शनिवार, 28 नवंबर 2026 को महोबा जिले के दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने चरखारी स्थित ओल्ड पैलेस में आयोजित कार्यक्रम में आमजन को संबोधित किया. अपने संबोधन और मीडिया से बातचीत के दौरान डिप्टी सीएम ने आरक्षण, महिला आरक्षण, भाजपा की नीतियों और विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला.
आजम खान और अखिलेश यादव पर तीखा प्रहार
कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और अखिलेश यादव पर उपमुख्यमंत्री ने जमकर निशाना साधा. आजम खान को लेकर पूछे गए सवाल पर प्रतिक्रिया देते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि आजम खान जमानत पर हैं और जल्द ही जेल जाएंगे. उन्होंने आजम खान के पूर्व बयान पर पलटवार करते हुए यह टिप्पणी की. सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए डिप्टी सीएम ने उनके घोषणा पत्र की तुलना “सौ-सौ चूहे खाकर बिल्ली के हज को चलने” वाली कहावत से की.
महिला आरक्षण के वादे पर क्या बोले?
महिला आरक्षण के विषय पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि महिला आरक्षण बिल से देश की आधी आबादी में खुशी की लहर है और पीएम मोदी ने मातृशक्ति से किया अपना वादा निभाया है. उन्होंने कहा कि भाजपा सदैव आरक्षण के समर्थन में रही है और वर्ष 2014 के बाद से पार्टी ने पीछे मुड़कर नहीं देखा.
इसके साथ ही वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव का उल्लेख करते हुए उन्होंने समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी पर दुष्प्रचार करने का आरोप लगाया और कहा कि इसी दुष्प्रचार के कारण बुंदेलखंड में भाजपा को सभी विधानसभा सीटें नहीं मिल सकी थीं.
ये भी पढ़ें: अखिलेश यादव से बदला लेंगे मुफ्ती इस्माइल कासमी, चुनाव से पहले क्या ऐलान किया?
राजनीतिक माहौल गरमाया
महोबा के चरखारी में दिए गए उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के इन तीखे बयानों के बाद उत्तर प्रदेश की सियासत में एक बार फिर आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज होने के संकेत मिल रहे हैं. एक ओर जहां उन्होंने महिला आरक्षण और केंद्र सरकार की नीतियों को सामने रखा, वहीं दूसरी ओर विपक्ष के प्रमुख चेहरों को सीधे निशाने पर लेकर राजनीतिक माहौल गरमा दिया है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




