Mumbai Book Festival 2026: मुंबई: डिजिटल युग और बढ़ते स्क्रीन टाइम के बीच मायानगरी मुंबई ने पिछले छह दिनों तक शब्दों, विचारों और पुस्तकों का एक ऐसा महाकुंभ देखा, जिसने साहित्य प्रेमियों को मंत्रमुग्ध कर दिया. मुंबई विश्वविद्यालय के कलीना कैंपस (गेट-2) में 24 नवंबर से शुरू हुए ‘मुंबई पुस्तक महोत्सव-2026’ का रविवार को उत्साहपूर्ण वातावरण में समापन हुआ. समापन दिवस पर भारत एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क के चेयरमैन, मैनेजिंग डायरेक्टर (CMD) एवं एडिटर-इन-चीफ उपेन्द्र राय ने महोत्सव में पहुंचकर आयोजन की भव्यता का अवलोकन किया.
स्टॉलों पर पुस्तकों का अवलोकन करते दिखे CMD उपेन्द्र राय
महोत्सव में पहुंचे CMD उपेन्द्र राय ने विभिन्न प्रकाशनों के बुक स्टॉलों पर जाकर इतिहास, दर्शन, संस्कृति और समसामयिक विषयों की पुस्तकों को बारीकी से देखा और अपने निजी पुस्तकालय के लिए करीब दो दर्जन किताबें खरीदीं. इस दौरान उन्होंने आयोजन स्थल पर मौजूद युवा पाठकों, विद्यार्थियों और आयोजकों से आत्मीय संवाद भी किया. उन्होंने कहा कि देशभर में इस तरह के पुस्तक महोत्सव आयोजित होने चाहिए, ताकि नई पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ सके.
600 स्टॉल, 200 सत्र और सांस्कृतिक संध्याओं की रही धूम
शिक्षा मंत्रालय (भारत सरकार), नेशनल बुक ट्रस्ट (NBT) और महाराष्ट्र शासन के सहयोग से आयोजित इस छह दिवसीय महोत्सव में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रखा गया था, जिससे सुबह 11 बजे से रात 10 बजे तक पाठकों की भारी भीड़ उमड़ी. महोत्सव के प्रमुख आकर्षण इस प्रकार रहे:
पुस्तकों की बड़ी प्रदर्शनी: परिसर में 600 से अधिक पुस्तक स्टॉल लगाए गए, जहां हिंदी, मराठी, अंग्रेजी सहित विभिन्न भारतीय भाषाओं की लाखों पुस्तकें उपलब्ध रहीं.
साहित्यिक/वैचारिक सत्र: ‘लेखक मंच-1’ और मराठी मंच पर 200 से अधिक साहित्यिक सत्र आयोजित हुए, जिनमें देश के जाने-माने लेखकों, संपादकों और विचारकों ने शिरकत की.
थीम प्रदर्शनियां और बाल गतिविधियां: महोत्सव में ‘वंदे मातरम @150’, ‘ज्योतिबा फुले @200’ और ‘सरदार वल्लभभाई पटेल @150’ पर आधारित विशेष थीम प्रदर्शनियां आकर्षण का केंद्र रहीं. वहीं बच्चों के लिए कथाकथन, चित्रकला, सुलेखन और वाद-विवाद जैसी 20 से अधिक रचनात्मक कार्यशालाएं आयोजित की गईं.
संगीत और संस्कृति का संगम: प्रतिदिन शाम को 15 से अधिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समां बांधा, जिनमें कैलाश खेर लाइव, अवधूत गुप्ते, वैशाली सामंत और समापन संध्या पर विक्रम हाजरा की भजन प्रस्तुति ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया.
‘मुंबई पुस्तक महोत्सव-2026’ के मुख्य आयोजक अमीत साटम, मुख्य संयोजक आचार्य पवन त्रिपाठी और नेशनल बुक ट्रस्ट (NBT) अध्यक्ष प्रा. मिलिंद मराठे के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ यह महोत्सव इस संदेश के साथ विदा हुआ कि तकनीक कितनी भी आधुनिक हो जाए, किताबों की सुगंध और उनका स्थान कोई नहीं ले सकता.
‘पुस्तक महोत्सव’ की झलकियां




यह भी पढ़ें: ‘मुंबई बुक फेस्टिवल’ किताबों के महाकुंभ के रूप में उभरा, सीएमडी उपेंद्र राय, आयुर्वेद विशेषज्ञ आचार्य मनीष ने शिरकत की
- भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.






