NSG Commando Drug Smuggler: राजस्थान में गांजा तस्करी के मामले में पूर्व NSG कमांडो को गिरफ्तार किया गया है. तस्कर की पहचान बजरंग सिंह के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि बजरंग सिंह 26/11 मुंबई अटैक के समय NSG कमांडो के द्वारा ताज होटल में चलाए गए ऑपरेशन में भी शामिल रहा है. बजरंग सिंह को राजस्थान की एंटी टेररिस्ट स्कॉड (ATS) और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने संयुक्त ऑपरेशन चलाकर गिरफ्तार किया है.
सीकर जिले के फतेहपुर शेखावाटी के कारंगा गांव का रहने वाला बजरंग सिंह पर 25000 रुपये का इनाम घोषित था. वह ओडिशा और तेलंगाना से गांजा लाकर राजस्थान में बेचता था.
किसी पर नहीं करता था भरोसा
पुलिस के मुताबिक अपने काम को लेकर बजरंग बहुत ही चालाक था. वह किसी पर भी भरोसा नहीं करता था और अपने ठिकाने बार-बार बदलता रहता था. ATS को एक और परेशानी थी और वो थी इसकी लोकेशन. बजरंग मोबाइल फोन का बहुत ही कम इस्तेमाल करता था. इस वजह से ATS को उसका लोकेशन ट्रैस कर पाने में बहुत मुश्किलें होती थी.
200 किलो गांजे की खेप बरामद
हालांकि कई दिनों के कड़ी मेहनत के बाद राजस्थान ATS ने उसे धर दबोचा. बजरंग के पास से एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने 200 किलो गांजे की खेप भी बरामद की है.
इस संबंध में IG विकास कुमार ने बताया कि बजरंग बहुत ही निडर स्वभाव का व्यक्ति है. उसके पुराने संपर्कों ने उसे तस्करी में मदद की.
आतंकवाद विरोधी अभियान में लिया था हिस्सा
IG विकास कुमार के मुताबिक बजरंग ने पढ़ाई छोड़कर BSF में भर्ती लिया था. पहलवानों वाली कद-काठी और लड़ाकू स्वभाव के चलते वह NSG कमांडो बनने में सफल रहा. बजरंग छोटे-मोटे सौदों पर हाथ नहीं डालता था. वह क्विंटल के हिसाब से खेपों की सप्लाई करता था. आईजी के मुताबिक बजरंग की गिरफ्तारी राजस्थान में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान में तस्करों का नेटवर्क तोड़ने में अहम भूमिका निभाएगी.
आईजी विकास कुमार के मुताबिक बजरंग ने NSG में रहते हुए करीब 7 सालों तक आतंक विरोधी अभियान में हिस्सा लिया. वह 2008 मुंबई हमले में आतंकवादियों को मार गिराने वाली NSG टीम का भी अहम हिस्सा था. उसने 2021 में रिटायरमेंट ले लिया था, जिसके बाद वह अपराध की राह पकड़ लिया. इससे पहले वह राजनीति में भी आने की कोशिश की थी और अपनी पत्नी को प्रधानी का चुनाव भी लड़वाया था. लेकिन सफलता नहीं मिलने के बाद वह अपराध के रास्ते पर निकल पड़ा.
ये भी पढ़ें- जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की पत्नी पहुंची सुप्रीम कोर्ट, एनएसए के तहत की गई गिरफ्तारी को दी चुनौती
क्या है NSG?
NSG, आतंकवाद के खिलाफ भारत की स्पेशल काउंटर टेररिज्म फोर्स है. इसकी स्थापना 1986 में की गई थी. इसका मुख्य काम बंधकों को छुड़ाना, बम डिफ्यूज करना और वीआईपी लोगों को सुरक्षा मुहैया करना होता है. NSG की टीम में भारतीय सेना और सेंट्रल पुलिस फोर्सेज के जवान होते हैं.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
