निरज त्यागी/मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश के जनपद मुजफ्फरनगर सिविल लाइन क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान तीन बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए,जबकि एक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. जांच में कई अवैध हथियार और एक बाईक बरामद. पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है. चलिए जानते है पूरा मामला:
संधावली अंडरपास पर देर रात मुठभेड़
मुजफ्फरनगर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में संधावली अंडरपास के पास पुलिस नियमित वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी. इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की एक संदिग्ध मोटरसाइकिल पर तीन युवक आते दिखाई दिए. पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया तो उन्होंने रुकने के बजाय कच्चे रास्ते की ओर बाइक मोड़ दी और भागने का प्रयास किया.
अवैध हथियार, नगदी और बाइक बरामद
खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दो बदमाश जितेंद्र और शशि कपूर गोली लगने से घायल हो गए. तीसरे बदमाश दिलीप कुमार को पुलिस ने कांबिंग अभियान चलाकर मौके से गिरफ्तार कर लिया. घटनास्थल से पुलिस ने दो अवैध तमंचे, जिंदा और खोखा कारतूस, करीब 40 हजार रुपये की नगदी और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है. घायल बदमाशों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ है कि 7 फरवरी को सिविल लाइन क्षेत्र में कार का शीशा तोड़कर पैसे निकालने की घटना को इन्हीं तीनों बदमाशों ने अंजाम दिया था. पुलिस के अनुसार, इन आरोपियों पर मेरठ, बिजनौर, सहारनपुर और मुजफ्फरनगर में लूट, डकैती, चोरी और धोखाधड़ी के दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं और पुलिस को इनकी लंबे समय से तलाश थी. सीओ सिटी सिद्धार्थ के मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि नियमित चेकिंग के दौरान संदिग्ध बाइक को रोकने का प्रयास किया गया था, लेकिन बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी.
जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश घायल हुए हैं और एक को हिरासत में लिया गया है.उनके कब्जे से अवैध हथियार और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की गई है. पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटी हुई है.
यह भी पढ़े:‘…अपना बचा लें’, प्रियांक खड़गे को भाजपा का जवाब, बताया था RSS को शैतान, BJP को उसका साया
-भारत एक्सप्रेस
Edited By: Shubhra Rai (Intern)
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


