Urdu Conclave 2026

देश के खिलाफ ‘बड़ा षड्यंत्र’ फेल! फर्जी BARC वैज्ञानिक के ‘मृत’ भाई को मुंबई पुलिस ने दिल्ली से किया गिरफ्तार, जासूसी का आरोप

Fake BARC Scientist Arrest: मुंबई पुलिस ने फर्जी BARC वैज्ञानिक बनकर विदेश यात्रा करने वाले अख्तर हुसैन कुतुबुद्दीन अहमद के ‘मृत’ भाई को गिरफ्तार किया है. आरोपी की पहचान मोहम्मद आदिल के रूप में हुई है. 59 साल के हुसैनी को दो दिन पहले ही दिल्ली के सीमापुरी इलाके से गिरफ्तार किया है.

Fake BARC Scientist Arrest

Fake BARC Scientist Arrest: मुंबई पुलिस ने भारत के खिलाफ रचे जा रहे बड़े षड्यंत्र का पर्दाफाश किया है. इस मामले में एक आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया है. यह आरोपी कोई और नहीं बल्कि फर्जी BARC वैज्ञानिक बनकर विदेश यात्रा करने वाले अख्तर हुसैन कुतुबुद्दीन अहमद का भाई है. बड़ी बात ये है कि कुतुबुद्दीन ने अपने भाई को ‘मृत’ घोषित कर दिया था. अब दिल्ली में पुलिस ने उसे पाकिस्तान सहित विदेशों से संबंध रखने और जासूसी मामले में कथित रूप से संलिप्तता के आरोप में गिरफ्तार किया है.

पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान मोहम्मद आदिल के रूप में हुई है. 59 साल के हुसैनी को दो दिन पहले ही दिल्ली के सीमापुरी इलाके से गिरफ्तार किया है. पुलिस अबतक आदिल को मृत मान रही थी.

संवेदनशील जानकारी पहुंचा रहा था पाकिस्तान

सूत्रों के मुताबिक आदिल विदेशी परमाणु वैज्ञानिकों के संपर्क में था. वह जाली दस्तावेजों के आधार पर पाकिस्तान सहित कई देशों में यात्राएं कर चुका था. पुलिस ने आरोपी के पास से एक संवेदनशील संस्थान के तीन फर्जी पहचान पत्र भी प्राप्त किया है.

पुलिस के मुताबिक यह पूरा नेटवर्क झारखंड के जमशेदपुर से संचालित हो रहा था. जहां जाली दस्तावेज जिसमें फर्जी पहचान पत्र से लेकर पासपोर्ट तक शामिल थे, तैयार किया जाता था.

फर्जी दस्तावेजों के सहारे पाया भारतीय पासपोर्ट

इस संबंध में स्पेशल सेल के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त प्रमोद सिंह कुशवाहा ने बताया कि आदिल टाटा नगर के जमशेदपुर का निवासी है. आदिल और उसके भाई अख्तर हुसैनी पर पाकिस्तान सहित दूसरे देशों को संवेदनशील जानकारी आपूर्ति करने और जाली दस्तावेजों के सहारे भारतीय पासपोर्ट हासिल करने का आरोप है. इसके अलावा कुशवाहा ने बताया कि आदिल और उसके भाई अख्तर हुसैनी पर संदेह है कि उन्होंने कई संवेदनशील जानकारी विदेशों को भेजी है.

कब्जे से दो नकली पासपोर्ट बरामद

स्पेशल सेल अधिकारी ने बताया कि आदिल के कब्जे से पुलिस ने एक असली और दो नकली पासपोर्ट बरामद किये हैं. उसे 26 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया. जिसके बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया. जहां से कोर्ट ने उसे 7 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है.

ये भी पढ़ें- नासिक में भीषण हादसा! शिरडी साईं बाबा के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की कार पलटी, 3 की मौत और 4 घायल

इससे पहले अख्तर हुसैन कुतुबुद्दीन अहमद को पुलिस ने फर्जी पहचान पत्र के सहारे विदेश यात्रा करने के मामले में 17 अक्टूबर को मुंबई से गिरफ्तार किया गया था. पुलिस ने वर्सोवा स्थित उसके आवास पर छापेमारी के दौरान दो फर्जी BARC पहचान पत्र और दो फर्जी पासपोर्ट बरामद किये थे. जिसमें एक पहचान पत्र पर अलेक्जेंडर पामर और दूसरे पर अली रजा हुसैन नाम लिखा था. इसके अलावा उसके पास से फर्जी डिग्री, फर्जी पासपोर्ट, नक्से और मोबाइल बरामद हुए थे.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read