Bharat Express DD Free Dish

‘इस बार गर्दा उड़ा दिया..’, दिल्ली में BJP मुख्यालय पर बिहार चुनाव की जीत का जश्न; PM मोदी ने गमछा लहराकर किया अभिवादन

Bihar Victory Celebrations at BJP HQ: बिहार में NDA की रिकॉर्ड जीत पर PM मोदी ने दिल्ली में भाजपा मुख्यालय में गमछा लहराया और छठी मईया के जयकारे लगाए. उन्‍होंने कहा, ‘बिहार के लोगों ने गर्दा उड़ा दिया.’

Vijay Ram Edited by Vijay Ram

बिहार विधानसभा चुनाव में NDA की ऐतिहासिक जीत पर 14 नवंबर 2025 को दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय पर जश्न मना. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शाम 6:51 बजे भाजपा मुख्यालय पहुंचे, जहां उन्‍होंने भाजपा कार्यकर्ताओं का गमछा लहराकर अभिवादन किया. इस दौरान चारों तरफ गमछे लहराते कार्यकर्ता, फूलों की बारिश और ‘मोदी-मोदी’ के नारे गूंज रहे थे.

‘इस बार बिहार के लोगों ने गर्दा उड़ा दिया’

मंच पर पहुंचते ही पीएम मोदी ने सबसे पहले ‘छठी मईया की जय’ के जयकारे लगाए. उन्होंने कहा, “बिहार के लोगों ने बिल्कुल गर्दा उड़ा दिया. ये प्रचंड जीत, अटूट विश्वास की जीत है. अब कट्टा सरकार कभी वापस नहीं आएगी.” उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा, “जो लोग छठ पूजा को ड्रामा कह सकते हैं, वे बिहार की इज्जत क्या करेंगे?”

बंगाल के लिए संदेश, केरल तक दिखी ऊर्जा

पीएम मोदी ने बिहार की जीत को राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा के विस्तार का संकेत बताया. उन्होंने कहा, “गंगा जी बिहार से बहते हुए बंगाल तक पहुंचती हैं. आज बिहार ने बंगाल में भाजपा की विजय का रास्ता बना दिया है.” उन्होंने केरल, तमिलनाडु, असम, पुडुचेरी के कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा का संदेश दिया. उन्होंने जोर देकर कहा, “भाजपा का कार्यकर्ता ठान ले तो असंभव कुछ नहीं.”

बिहार के भविष्य की रूपरेखा

पीएम मोदी ने बिहार के भविष्य की रूपरेखा पेश की. उन्होंने देश-विदेश के निवेशकों से बिहार में निवेश का आह्वान किया, कि “अगले 5 साल बिहार तेज गति से आगे बढ़ेगा. नए उद्योग लगेंगे, नौजवानों को यहीं रोजगार मिलेगा. निवेश बढ़ेगा, पर्यटन बढ़ेगा. आस्था के केंद्रों का कायाकल्प होगा.” उन्होंने कहा, “बिहार की हर मां, युवा, किसान, गरीब का भरोसा मेरा प्रण है,”

कार्यकर्ता ही भाजपा की ताकत

अंत में पीएम मोदी ने कहा, “आपकी आशा मेरा संकल्प है, आपकी आकांक्षा मेरी प्रेरणा है. भाजपा की असली ताकत उसका कार्यकर्ता है.” भाजपा मुख्यालय परिसर में देर रात तक जश्न का माहौल रहा. ढोल-नगाड़ों की थाप, फूलों की वर्षा और गमछों की लहर के बीच बिहार की जीत को दिल्ली में भव्य रूप से मनाया गया.

बिहार में NDA की रिकॉर्ड तोड़ जीत के आंकड़े

बिहार में NDA ने 243 में से 202 सीटें जीतीं, जो राज्य के इतिहास में रिकॉर्ड है. महागठबंधन को महज 35 सीटें मिलीं. भाजपा और JDU ने 101-101 सीटों पर चुनाव लड़ा था. भाजपा को 91, JDU को 83, LJP को 19, HAM और RLM को कुल 9 सीटें मिलीं. सरकार बनाने के लिए जरूरी 122 का आंकड़ा NDA ने आसानी से पार किया.

NDA के प्रदर्शन पर BJP शासित प्रदेश के मुख्यमंत्रियों ने दी बधाई, कहा- ऐतिहासिक जनादेश



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read